Lucknow News: BJP will try to win the full trust of half the population

सांकेतिक तस्वीर
– फोटो : अमर उजाला

विस्तार


लोकसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा ने आधी आबादी (महिलाओं) का पूरा भरोसा जीतने की तैयारी की है। पार्टी आगामी लोकसभा चुनाव तक नौ अभियानों के जरिये महिलाओं के प्रत्येक वर्ग में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएगी। पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में रविवार को आयोजित क्षेत्रीय कार्यशाला में आठ प्रदेशों की महिला मोर्चा की पदाधिकारी शामिल हुई।

कार्यशाला में उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, मध्यप्रदेश, राजस्थान और ओडिशा की महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री और अभियानों की प्रभारी शामिल हुई। नौ सत्रों में आयोजित कार्यशाला में प्रत्येक सत्र में महिलाओं से लगातार संपर्क और समन्वय बनाकर वोट बैंक मजबूत करने की रणनीति पर मंथन हुआ।

नौ अभियानों से महिलाओं के बीच जाएगी पार्टी

मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ज्योति बेन पांडेया ने कार्यशाला में बताया कि नवयुवती सम्मेलन के जरिये 18 से 25 वर्ष की युवतियों से संपर्क उन्हें पार्टी से जोड़ना है। एनजीओ से संपर्क अभियान, स्मार्ट महिला अभियान, स्पोर्ट्स वीमेन समूह संपर्क अभियान, वीमेन ट्रेवलर संपर्क, महिला लेखक एवं पत्रकार संपर्क, घर-घर संपर्क और स्वयं सहायता समूह संपर्क अभियान चलाया जाएगा।

महिलाएं मोदी को लगातार तीसरी बार पीएम बनाएंगी

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष गीता शाक्य ने कहा कि देश की महिलाएं मोदी पर विश्वास करती हैं। महिलाएं पूरी तरह भाजपा के साथ है। वहीं सीएम योगी आदित्यनाथ ने महिलाओं को सुरक्षा व स्वावलंबन दिया है। महिलाएं 2024 में लगातार तीसरी बार नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाएंगी।

आधी आबादी बनाएगी भारत को आत्मनिर्भर

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि भाजपा सेवा भाव के साथ राजनीति करने में विश्वास करती है। प्रत्येक क्षेत्र में महिलाओं का प्रतिनिधित्व बढ़ रहा है और आधी आबादी की आत्मनिर्भरता के साथ ही भारत की आत्मनिर्भरता का संकल्प भी पूर्ण होगा। प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने कहा कि अभियान महिलाओं की सरकार तथा संगठन से अपेक्षाओं को उचित मंच तक पहुंचाने का सही माध्यम है। उन्होंने कहा कि आगामी समय में शुरू होने वाले अभियानों में प्रदेश इकाई प्रभावी कार्य करेगी। कार्यशाला में कार्यशाला में मोर्चा उषा बाजपेयी, डॉ. कायनात काजी, आयुषी श्रीमाली, नीतू डवास, डा. ममता रानी, निशा सिंह, डा. कीर्तिका अग्रवाल, ऊषा मौर्या, पूजा मिश्रा प्रमुख रूप से उपस्थित रही।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *