विस्तार

आंबेडकर पार्क स्मारक समिति के अधीन लखनऊ व नोएडा के सभी पार्क, स्मारकों में प्रवेश शुल्क महंगा कर दिया गया है। अब यहां 20 रुपये प्रति व्यक्ति प्रवेश टिकट लगेगा। सुबह की सैर करने वालों को मासिक पास के लिए 200 रुपये के बजाय 400 रुपये चुकाने होंगे। वहीं, इन पार्कों व स्मारकों में शादी-समारोह, फिल्म शूट जैसे गैर राजनीतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जा सकेंगे। नई दरें एक अक्तूबर से लागू होंगी।

आवास विभाग में अपर मुख्य सचिव नितिन रमेश गोकर्ण की अध्यक्षता में हुई शुक्रवार को हुई आंबेडकर पार्क स्मारक समिति की बैठक में इन फैसलों पर मुहर लगाई गई। फैसले के मुताबिक अब सभी पार्क व स्मारक में 20 रुपये टिकट होगा। अभी बौद्ध विहार के अलावा आंबेडकर पार्क, ईको पार्क आदि में 15 रुपये टिकट है। बौद्ध विहार में प्रवेश शुल्क 10 रुपये है।

अभी सुबह की सैर करने वालों को मासिक पास बनवाने पर 200 रुपये, तो छमाही पास के लिए 600 रुपये चुकाने होते हैं। मासिक पास शुल्क को बढ़ाकर 400 और छमाही को 1600 रुपये कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि एक अक्तूबर 2017 को प्रवेश शुल्क संशोधित हुए थे। कोरोना के चलते इनको बाद में नहीं बढ़ाया गया। अब इनको बदला जा रहा है।

बोर्ड के फैसले के मुताबिक समिति के सभी पार्क, स्मारकों में खाली जगहों का उपयोग सामाजिक, सांस्कृतिक, वैवाहिक, फिल्म-वेब सीरीज की शूटिंग, व्यक्तिगत कार्यक्रमों व अन्य गैर राजनीतिक आयोजनों के लिए भी हो सकेगा। लखनऊ व नोएडा दोनों जगह यह फैसला लागू होगा। इसके लिए आवंटन की दरें व शर्त अलग से सदस्य सचिव व एलडीए वीसी तय करेंगे। इसके लिए उनको बोर्ड ने अधिकृत कर दिया है। आंबेडकर पार्क समिति की आय बढ़ाने के लिए इस प्रस्ताव को अनुमति के लिए बोर्ड के सामने रखा गया था।

कर्मचारियों की हाजिरी के लिए लगाए जाएंगे फेस रिकॉग्निशन सिस्टम

समिति के कर्मचारियों की उपस्थिति अब फिंगरप्रिंट बायोमीट्रिक की जगह फेस रिकॉग्निशन सिस्टम से दर्ज होगी। इस पर 46 लाख रुपये स्मारक समिति खर्च करेगी।

यह फैसले भी हुए…

  • 2011 के बाद से मृत 152 कर्मचारियों के परिवारीजनों को मृतक आश्रित में नौकरी मिलेगी
  • स्मारक समिति के कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति की आयु 58 से 60 साल करने पर विचार किया जाएगा
  • स्मारक समिति के कर्मचारियों को चिकित्सा अवकाश देने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा
  • कर्मचारियों के लिए एनपीएस लागू करने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा
  • सेवा से विरत कर्मचारियों को ग्रेच्युटी का लाभ, अर्जित अवकाश के नकदीकरण पर फैसला लिया गया
  • कांशीराम स्मारक स्थल में गुंबद की मरम्मत के काम की जांच आईआईटी रूड़की से कराई जाएगी
  • नोएडा में राष्ट्रीय दलित प्रेरणा स्थल एवं ग्रीन गार्डन में स्थापित मूर्तियों की पॉलिश व मरम्मत के काम के लिए 4.25 करोड़ रुपये बजट की मंजूरी
  • लखनऊ में आंबेडकर पार्क के आंतरिक व बाह्य क्षेत्र में कामों के लिए 4.46 करोड़ रुपये के बजट को स्वीकृति
  • ताज होटल से सृजन विहार गेट तक सजावटी पोल व प्रकाश व्यवस्था पर 36.95 लाख रुपये के बजट को मंजूरी



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें