
नीरज सिंह
– फोटो : amar ujala
विस्तार
हर वर्ष की भांति इस बार भी सांसद अटल स्वास्थ्य मेले का आयोजन लखनऊ में किया जाएगा। समाजसेवी नीरज सिंह ने बताया कि चौथे अटल स्वास्थ्य मेले का शुभारंभ भारत के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ करेंगे। इस वर्ष अगामी 17 व 18 दिसंबर को यह स्वास्थ्य मेला पश्चिम विधान सभा क्षेत्र राजाजीपुरम के पीएनटी ग्राउंड में अयोजित किया जा रहा है।
अटल स्वास्थ्य मेले से अब तक पचास हजार से अधिक लोग लाभान्वित हुए हैं, जिसमें जरूरतमंद लोगों को तरह-तरह की मेडिकल सुविधाएं निःशुल्क दी जाती है। इसमें दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल, लिंब्स, आर्टिफीसियल हैंड, हियरिंग ऐड्स, मुफ़्त जांच और मुफ़्त ओपीडी और इस तरह की अन्य मेडिकल सुविधाएँ भी मुफ़्त प्रदान कराई जाती हैं। पहले अटल स्वास्थ्य मेले में सुनील बंसल मुख्य अतिथि थे। दूसरे में डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा और तीसरे में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुख्य अतिथि के तौर पर अटल स्वास्थ्य मेले का शुभारम्भ किया था। यह स्वास्थ्य मेला रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के संसदीय क्षेत्र में वरिष्ठ भाजपा नेता नीरज सिंह द्वारा हर वर्ष लखनऊ में आयोजित किया जाता है। लखनऊ में आयोजित हो रहे इस स्वास्थ्य मेले में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के अतिरिक्त भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहेंगे।
उधर, पं. अटल बिहारी बाजपेयी फाउंडेशन द्वारा उनकी जयंती की पूर्व संध्या पर अटल गीत गंगा का आयोजन किया जा रहा है। 24 दिसंबर को केजीएमयू स्थित अटल बिहारी साइंटिफिक कन्वेंशन सेंटर में युग कवि डॉ. कुमार विश्वास द्वारा एकल काव्य पाठ किया जाएगा। बुधवार को राजभवन कॉलोनी में इस भव्य आयोजन की तैयारियों की समीक्षा की गई।
फाउंडेशन के अध्यक्ष उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने बताया कि काव्य पाठ के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम, वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान, अटलजी के जीवन पर आधारित विचार गोष्ठी भी आयोजित की गई है। मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, विशिष्ट अतिथिगण प्रदेशाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, महापौर सुषमा खर्कवाल, महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, वरिष्ठ भाजपा नेता नीरज सिंह की उपस्थिति रहेगी।
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आहूत बैठक में समाजसेवी अशोक मोतियानी, लाल बहादुर राय, सतीश पांडेय, प्रभुनाथ राय, सुशील कुमार दुबे, रमेश तूफानी, अजय त्रिपाठी, उमाशंकर दुबे, सूर्य कुमार शुक्ला, वीडी मिश्रा, अंजनी कुमार शुक्ला, सुशील कुमार बच्चा, वेद प्रकाश राय, अनुराग मिश्रा, आरडी द्विवेदी आदि मौजूद रहे।
