राही (रायबरेली)। भदोखर क्षेत्र में शुक्रवार को भोर में अलाव ताप रहे सिंचाई विभाग के रिटायर्ड कर्मचारी समेत दो लोगों पर राख से भरा एक टैंकर पलट गया। इस हादसे में रिटायर्ड कर्मचारी की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल अधेड़ को जिला अस्पताल से ट्रॉमा सेंटर, लखनऊ भेजा गया है।

हादसे के बाद टैंकर छोड़कर उसका चालक भाग निकला। पुलिस टैंकर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश कर रही है। यह हादसा लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर दरियापुर चौराहे के पास हुआ जिसमें झकरासी गांव निवासी बद्री प्रसाद (62) की मौत हो गई।

सिंचाई विभाग से सेवानिवृत्त हुए बद्री प्रसाद शुक्रवार भोर में टहलने निकले थे। वे गांव से कुछ दूर चौराहे के पास दरियापुर निवासी धर्मेंद्र कुमार (45) के साथ अलाव तापने लगे। इसी दौरान अलाव स्थल पर हाईवे पर ऊंचाहार से रायबरेली की तरफ जा रहा राख से भरा टैंकर पलट गया। बद्री प्रसाद व धर्मेंद्र उसके नीचे दब गए।

हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग जमा हो गए। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। भदोखर एसओ राजेश सिंह व अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से टैंकर के नीचे दबे दोनों लोगों को बाहर निकलवाया और जिला अस्पताल भेजा। वहां चिकित्सक ने बद्री प्रसाद को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल धर्मेंद्र कुमार (45) को ट्राॅमा सेंटर, लखनऊ रेफर कर दिया। एसओ ने बताया कि टैंकर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश की जा रही है।

मुंशीगंज में बना बाईपास, फिर भी कस्बे से गुजरते भारी वाहन

लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर स्थित मुंशीगंज कस्बे का रास्ता सकरा होने और जाम लगने के चलते बाईपास बनाया गया है। यह बाईपास नई बस्ती मुंशीगंज से शुरू होकर करीब एक किलोमीटर दूर झकरासी बाजार के पास निकला है। इसके बावजूद भारी वाहन मुंशीगंज कस्बे के अंदर से निकलते हैं। इसके चलते हादसे हो रहे हैं। दरियापुर चौराहे के पास एक साल पहले एक ट्रक पलट गया था। इसकी चपेट में आई कार में सवार एक परिवार के कई लोगों की मौत हो गई थी। एसपी आलोक प्रियदर्शी का कहना है कि भारी वाहनों को बाईपास से ही निकाला जाएगा। इस बारे में स्थानीय पुलिस को निर्देश दिए जा रहे हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें