कनकहा के पास आई दिक्कत, जनता मेल व स्पेशल ट्रेन भी रोकी

दो घंटे बाद दूसरा इंजन खींच कर लाया तो आवागमन हुआ बहाल

संवाद न्यूज एजेंसी

रायबरेली। लखनऊ से प्रयागराज जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस का बुधवार को सुबह इंजन फेल हो गया। यह घटना लखनऊ के कनकहा और निगोंहा स्टेशनों के बीच हुई, जिससे इंटरसिटी के पीछे चल रही दो अन्य ट्रेनें भी रोकी गईं। रायबरेली से दूसरा इंजन भेजकर इंटरसिटी को आगे बढ़ाया गया तो पीछे वाली ट्रेनें चलीं। इससे तीनों ट्रेनों की लेटलतीफी दो से चार घंटे तक हो गई। ट्रेन में बैठे और स्टेशनों पर इंतजार कर रहे यात्रियों को भी काफी परेशानी हुई।

लखनऊ से प्रयागराज जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से चल रही थी, लेकिन कनकहा से आगे बढ़ते ही ट्रेन का इंजन फेल हो गया। इससे इंटरसिटी बीच रास्ते में खड़ी हो गई। मेन लाइन पर ट्रेन खड़ी होने से पीछे चल रही दो अन्य ट्रेनें भी जहां थीं, वहीं रोक दी गईं। देहरादून से बनारस जाने वाली जनता मेल मोहनलालगंज के आसपास खड़ी रही तो लखनऊ-प्रयागराज स्पेशल को लखनऊ में ही रोके रखा गया। घटना की खबर लगते ही दूसरा इंजन रायबरेली स्टेशन से भेजा गया, जिससे इंटरसिटी को खींचकर निगोहां स्टेशन पहुंचा कर रोक दिया गया।

दो घंटे बाद रास्ता साफ हुआ तो पीछे खड़ी जनता मेल दौड़ाकर इंटरसिटी के आगे चलाई गई, फिर इंटरसिटी एक्सप्रेस निगोहां से चली। लखनऊ-प्रयागराज स्पेशल पहले लखनऊ में दो घंटे, फिर मोहनलालगंज में एक घंटे रुकी रही। रायबरेली स्टेशन पर जनता मेल लगभग दो घंटे और इंटरसिटी एक्सप्रेस ढाई घंटे लेट पहुंची तो लखनऊ-प्रयागराज स्पेशल सवा चार घंटे देर से आई। स्टेशन अधीक्षक रवि रंजन का कहना है कि इंटरसिटी का इंजन फेल होने से पीछे चल रही दो और ट्रेनें भी प्रभावित हुई। रायबरेली से दूसरा इंजन भेजा गया, जिससे इंटरसिटी को चलाया गया।

काशी और इंटरसिटी ट्रेन ढाई घंटे से ज्यादा लेट

रायबरेली। वाराणसी में चल रहे यार्ड रिमॉडलिंग की वजह से ट्रेनों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। मंगलवार देर रात बनारस से नई दिल्ली जाने वाली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस और बनारस से लखनऊ जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस ढाई घंटे से ज्यादा लेट आई। दोनों ट्रेनें मध्य रात्रि के बाद रायबरेली स्टेशन पहुंची। बुधवार को टनकपुर से सिंगरौली जाने वाली त्रिवेणी एक्सप्रेस पौने दो घंटे देर से आई तो दिल्ली से प्रतापगढ़ जाने वाली पद्मावत एक्सप्रेस और सहारनपुर से प्रयागराज जाने वाली नौचंदी एक्सप्रेस पौन-पौन घंटे विलंब से पहुंची। (संवाद)



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *