कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट से हुई तीखी नोकझोंक
डीएम को सौंपा ज्ञापन, जांच करा इंस्टीट्यूट को बंद कराने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
रायबरेली। कुपालु इंस्टीट्यूट में एएनएम का कोर्स कर रही छात्राओं के साथ अभद्रतापूर्वक बर्ताव व अमर्यादित शब्दों के प्रयोग को लेकर बुधवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) सामने आ गया। छात्राओं की शिकायत के बाद एबीवीपी के छात्रों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट और एबीवीपी के पदाधिकारियों से तीखी नोकझोंक भी हुई। मामले में डीएम को ज्ञापन देकर इंस्टीट्यूट के खिलाफ जांच कराकर बंद कराने की मांग की।
कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन के दौरान विभाग संयोजक आनंद सिंह, नगर मंत्री राज तिवारी, नगर सहमंत्री मोहित सोनी आदि ने आरोप लगाया कि संस्थान में बिंदी, मंगलसूत्र, सिंदूर आदि पर रोक लगाई गई है। गर्भवती छात्राओं को गर्भपात कराने का दबाव बनाया जा रहा है। इस तरह के नियम लगाकर संविधान का अपमान किया जा रहा है। पदाधिकारियों ने संस्थान के प्रबंधन के इस अपमानजनक कृत्यों की निंदा की।
डीएम को ज्ञापन देकर कॉलेज प्रशासन के खिलाफ कठोर कार्रवाई के साथ ही मान्यता को निरस्त कराने की मांग की। छात्राओं के साथ हुई मानसिक प्रताड़ना में संलिप्त दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी की जाए। इस मौके पर निलेश शुक्ला, हर्षित तोमर, शिवानी, प्रसून, आकाश कुशवाहा, सुभाष साहू, अभय सिंह आदि मौजूद रहे।
