सलोन (रायबरेली)। कस्बे के मुख्य मार्ग पर स्थित इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और फर्नीचर की दो दुकानों में दीपावली की रात आग लग गई। कुछ ही देर में फैली आग ने दोनों दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। जानकारी होने पर मकान के पिछले हिस्से में मौजूद परिवार के लोगों ने दूसरे रास्ते से बाहर भाग कर जान बचाई।

सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल टीम ने तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से करीब 20 लाख रुपये का सामान नष्ट होने का अनुमान है। यह हादसा गुरु कृपा इलेक्ट्रॉनिक एंड फर्नीचर और न्यू प्रीत इलेक्ट्रॉनिक नामक दुकान में हुआ।

यह दोनों दुकानें आतम देव सिंह के मकान के बाहरी हिस्से में हैं। मकान के एक हिस्से में दलजीत सिंह अपने परिवार के साथ रहते हैं। दोनों परिवारों के सदस्य रविवार रात दिवाली मना रहे थे। इसी दौरान दुकान में आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने दोनों दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया और मकान में बढ़ने लगी।

आग पास में स्थित मनजीत सरदार और विजय सिंह के मकान की तरफ बढ़ने पर हादसे की जानकारी हुई। इस पर लोग घरों से बाहर निकल आए और शोर मचाया। उधर, मकान के दूसरे हिस्से में मौजूद दलजीत सिंह के परिवार के सदस्यों ने पीछे के रास्ते से भाग कर किसी तरह अपनी जान बचाई।

सूचना पर सलोन पुलिस के साथ दमकल टीम गाड़ी लेकर मौके पर पहुंची और आग बुझाई में जुट गई। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका लेकिन तब तक दोनों दुकानों में मौजूद काफी सामान जल चुका था।

दुकान संचालक आतम देव सिंह ने बताया कि दोनों दुकानों में करीब 20 लाख रुपये कीमत के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और फर्नीचर जलकर नष्ट हो गए। दमकल टीम प्रभारी गोपीचंद मिश्रा ने बताया कि काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग लगने की वजह बिजली का शाॅर्ट सर्किट माना जा रहा है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें