सीतापुर। एक सप्ताह से पानी के लिए रोज जूझ रहे हैं…सुबह उठो तो रोजमर्रा की दिनचर्या प्रभावित हो जाती है। नहाने से लेकर कपड़े धोने और खाना बनाने के लिए भी बमुश्किल पानी मिल पा रहा है। रात में तो स्थिति बहुत खराब हो जाती है। एक बाल्टी ऊपर पहुंचाने में हालत खराब हो जाती है। कई बार शिकायत की। फिर थक कर बैठ गए। न कोई सुनवाई होती है और न कोई सुधार ….। यह कहना है कांशीराम कॉलोनी निवासी शिवा पांडेय का। शिवा की तरह करीब दो सौ घरों में बीते एक सप्ताह से पानी का संकट बना हुआ है।
एक हफ्ते से खराब है मोटर पंप
कांशीराम कालोनी के करीब दो सौ आवासों में पानी का संकट खड़ा हो गया है। कारण यह है यहां पर लगा हुआ मोटरपंप फुंक गया है। इसकी वजह से केवल एक ही बार पानी की सप्लाई हो रही है। इससे यहां के लोग इंडिया मार्का हैंडपंप पर निर्भर हैं। कांशीराम कॉलोनी के ब्लॉक नंबर 85 के सामने लगा मोटरपंप एक सप्ताह से खराब चल रहा है। कई लोगों का कहना है इसमें करंट उतर रहा है। इससे करीब 200 आवासों में समय से पानी नहीं पहुंच पा रहा है। दूसरे पंप के जरिए केवल एक बार ही पानी की सप्लाई की जाती है। इससे लोगों के सामने पानी का संकट खड़ा हो रहा है। सबसे अधिक दिक्कत उन लोगों के सामने आ रही है जो चार मंजिला भवन में रहते है। बाल्टी के जरिए ऊपर तक पानी पहुंचना उनके लिए मुसीबत बन रहा है।
बिजली संग पानी संकट ने रुलाया
कॉलोनी निवासी देवेंद्र ने बताया कि एक तरफ बिजली की समस्या बनी हुई है तो दूसरी तरफ पानी का संकट बहुत परेशान कर रहा है। एक हफ्ते से हालात बदतर हैं। अब तो दैनिक दिनचर्या निपटाने से पहले सौ बार सोचना पड़ता है। सुबह उठते ही पानी के लिए जंग शुरू हो जाती है।
जिम्मेदार बोले- फुंक गया था मोटर, सही करवा रहे
कांशीराम कालोनी में लगा मोटरपंप फुंक गया था। इसकी वजह से समस्या बनी हुई थी। पानी संकट की समस्या अब नहीं होगी। मोटर को दुरूस्त करा रहे हैं।
सौम्या मिश्रा, जलकल अभियंता, नगरपालिका