रायबरेली। ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों सहित अन्य योजनाओं के सफल संचालन के लिए चयनित पंचायत सहायक ऑनलाइन हाजिरी नहीं भर रहे हैं। जिले में 46 ऐसे पंचायत सहायक मिले हैं, जो पिछले दो माह से ऑनलाइन हाजिरी में गैरहाजिर हैं। रिपोर्ट आने के बाद डीपीआरओ ने संबंधित सहायक विकास अधिकारियों के माध्यम से पंचायत सहायकों को नोटिस भेजकर दो दिन में जवाब मांगा है।

जिले की 980 ग्राम पंचायतों में पंचायत सहायक नियुक्त किए गए हैं। पंचायत सचिवों की कमी के कारण पंचायत सहायकों पर काम का बोझ है। पंचायत सहायकों की हाजिरी के लिए शासन ने मोबाइल एप लांच किया है। इसी एप पर इन्हें रोजाना हाजिरी दर्ज करानी है। एप पर हाजिरी न होने के कारण मानदेय भी नहीं मिलेगा। पिछले अप्रैल और मई माह में ऊंचाहार, शिवगढ़, सतांव, सरेनी, रोहनियां, राही, महराजगंज, लालगंज, खीरों, दीनशाह गौरा, डलमऊ, बछरावां व अमावां ब्लॉक के 46 पंचायत सहायकों ने एक भी ऑनलाइन हाजिरी नहीं भरी है।

बुधवार को रिपोर्ट आने के बाद डीपीआरओ ने सहायक विकास अधिकारियों के माध्यम से पंचायत सहायकों से ऑनलाइन हाजिरी न भरने के संबंध में जवाब मांगा है। डीपीआरओ गिरीशचंद्र ने बताया कि संबंधित पंचायत सहायकों को दो दिन में जवाब देने के आदेश दिए गए हैं। जवाब न देने पर संबंधितों को मानदेय काटने के साथ ही उन्हें हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। इसके लिए पंचायत सहायक स्वयं जिम्मेदार होंगे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *