रायबरेली। वर्ष 2021 में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दौरान कोरोना की चपेट में आकर जान गंवाने वाले 20 और शिक्षकों एवं कर्मचारियों के आश्रितों को 30-30 लाख रुपये मुआवजा मिलेगा। इनके आवेदनों को पहले निरस्त कर दिया गया था।
शासन के निर्देश पर दोबारा कराई गई जांच में सभी मुआवजे के लिए पात्र पाए गए हैं। छह कर्मियों के आश्रितों को भुगतान के लिए शासन को डिमांड भेज दी गई है। जिले से स्वीकृति मिलने के बाद शेष 14 मामलों में भी भुगतान के लिए डिमांड भेजने की प्रक्रिया चल रही है।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में 15 अप्रैल 2021 को मतदान और दो मई को मतगणना कराई गई थी। कोरोना का संक्रमण अप्रैल और मई में सबसे अधिक था। शासन ने चुनाव के दौरान कोरोना से जान गंवाने वाले कर्मचारियों को 30-30 लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की थी।
चुनाव के दौरान काेरोना संक्रमण की चपेट में आने से जान गंवाने वाले जिले के 69 कर्मचारियों के आश्रितों ने ऑनलाइन आवेदन करके मुआवजा मांगा था। जांच में 42 कर्मियों की कोरोना से मौत की पुष्टि होने के बाद 30-30 लाख रुपये का भुगतान किया गया था। सात लोगों ने डबल आवेदन किए थे, जिन्हें निरस्त कर दिया गया है।
निर्धारित मानकों को पूरा नहीं करने पर 20 कर्मियों के आवेदनों को निरस्त कर दिया गया। इसके बाद शासन ने निरस्त आवेदनों की दोबारा जांच कराई जिसमें सभी पात्र पाए गए हैं। चिकित्सकों की टीम ने सभी को मुआवजे के लिए पात्र बताया। डीएम की अध्यक्षता की कमेटी ने भी ओके कर दिया है।
छह कर्मियों को भुगतान के लिए भेजी डिमांड
पंचायत चुनाव में खीरों में ड्यूटी करने वाली प्रधानाध्यापक शकीला परवीन, ऊंचाहार में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी रमेश कुमार, राही में राजपाल, ऊंचाहार में बेलदार रामलाल, डीह में ट्यूबवेल ऑपरेटर राजदेव सिंह और फिरोज गांधी कॉलेज में मतदानकर्मियों के प्रशिक्षण में ड्यूटी करने वाले शाखा प्रबंधक अनिल कुमार वर्मा की कोरोना से मौत की पुष्टि के बाद आश्रितों को मुआवजा देने के लिए डिमांड शासन को भेजी गई है।
14 मृतकों के आश्रितों के आवेदन पास
अमावां ब्लॉक में राजस्व निरीक्षक अशोक कुमार सिंह, जगतपुर में सहायक हरिपाल, ऊंचाहार में मुख्य सेविका कमला तिवारी, रोहनियां में वरिष्ठ सहायक रवींद्र सोनकर, छतोह में सहायक अध्यापक राममूर्ति, खीरों में प्रधानाध्यापक पुष्पलता मिश्रा, शिवगढ़ में सहायक अध्यापक गुड्डी देवी, बछरावां में अवर अभियंता सतीश कुमार, ऊंचाहार में पंप ऑपरेटर प्रवीण कुमार, फिरोज गांधी कॉलेज में शिक्षामित्र जगजीवन, शिक्षामित्र सुशीला देवी, खीरों में सहायक अध्यापक विजय पाल, ऊंचाहार मेंरोजगार सेवक योगेश कुमार व सतांव में सहायक अध्यापक एजाजुल गफूर की पंचायत चुनाव में ड्यूटी के दौरान कोरोना से मौत के बाद मुआवजे के भुगतान के लिए स्वीकृति मिली है।
डीएम से मिल चुकी स्वीकृति
पंचायत चुनाव ड्यूटी के दौरान कोरोना से दम तोड़ने वाले 20 और कर्मियों के आश्रितों को मुआवजा देने के लिए डीएम के स्तर से स्वीकृति मिल गई है। छह मामलों में पत्र भेज दिया गया है। शेष 14 मामलों में भुगतान के लिए डिमांड भेजी जा रही है।
-नवीन सिंह, जिला पंचायतराज अधिकारी
