
बछरावां क्षेत्र के लखनऊ-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर कन्नावां गांव के पास हुए हादसे में दो ल
चार पहिया वाहन के उड़े परखच्चे, काम से आ रहे थे रायबरेली
हाईवे पर कन्नावां गांव के पास हादसा, परिजनों में मचा कोहराम
संवाद न्यूज एजेंसी
रायबरेली। बछरावां कोतवाली क्षेत्र में शनिवार की रात हाईवे पर खड़े मिनी ट्रक में बोलेरो जा घुसी। इस हादसे में बोलेरो सवार निजी नर्सिंग होम संचालक और उनके ड्राइवर की मौत हो गई। बोलेरो की रफ्तार इतनी तेज थी कि उसके परखच्चे उड़ गए। पुलिस ने पहुंचकर हादसे की जांच की।
बछरावां थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव निवासी आशीष चौधरी (38) पुत्र राकेश कुमार बछरावां कस्बे में आरके नर्सिंग होम चलाते थे। वह बछरावां के साथ ही लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र मेंं भी रहते थे। बछरावां क्षेत्र के विशुनपुर गांव निवासी शैलेंद्र पटेल उर्फ लालू (40) पुत्र स्व. संतलाल (40) नर्सिंग होम संचालक का दोस्त था और साथ ही उसकी गाड़ी भी चलाता था। रात में दोनोंं बोलेरो से रायबरेली की तरफ आ रहे थे।
लखनऊ-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर कन्नावां गांव के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक में बोलेरो घुस गई। इससे बोलेरो सवार आशीष और उसके वाहन चालक लालू की मौत हो गई। कोतवाल बृजेश कुमार राय ने बताया कि तहरीर मिलने पर केस दर्ज होगा।
इनसेट
नर्सिंग होम संचालक और उसके दोस्त में हुआ था विवाद
पुलिस के मुताबिक मृतक लालू की पत्नी के पैर में चोट लग गई थी। शनिवार की शाम छह बजे वह अपनी पत्नी को दिखाने के लिए नर्सिंग होम पहुंचा था। संचालक ऑपरेशन कक्ष में था। इसलिए उसकी पत्नी का इलाज नहीं हो पाया था। इसके बाद लालू अपनी पत्नी के साथ घर वापस लौट आया था। रात 10.30 बजे फिर नशे की हालत में लालू नर्सिंग होम पहुंचा। इस दौरान उसने आशीष से उसका विवाद हो गया। बाद में आशीष को बोलेरो पर बैठा लिया और तेज रफ्तार से गाड़ी चलाते हुए रायबरेली की तरफ निकल पड़ा। रफ्तार अधिक होने पर बोलेरो अनियंत्रित होकर मिनी ट्रक के अंदर घुस गई। इससे दोनों की मौत हो गई।
आठ माह पहले हुई थी शादी
मृतक नर्सिंग होम संचालक जिला पंचायत सदस्य एवं सपा नेता आशीष चौधरी पुत्र कृष्णानंद चौधरी के साले थे। 17 फरवरी 2023 को उनकी शादी महराजगंज क्षेत्र के हलोर की रहने वाली स्वाति सिंह के साथ हुई थी। मां शिव देवी और बहन अलका चौधरी के आंसू नहीं थम रहे। सभी का कहना है कि सब ठीकठाक चल रहा था, पता नहीं यह सब कैसे हो गया।
