सीतापुर। चंद्रयान-3 की चांद पर सफल लैंडिंग होते ही बच्चे खुशी से तालियां बजाने लगे… शिक्षक खुशी से झूम उठे। भारत माता की जय के नारे लगने लगे। इस ऐतिहासिक पल का गवाह बने लोगों ने एक-दूसरे को बधाई दी। कोई टीवी तो कोई मोबाइल व लैपटॉप के जरिए ऐतिहासिक क्षण को देखने के लिए बेकरार रहा। जैसे ही सफल लैंडिंग हुई लोग गले मिलकर व तालियां बजाकर इस पल का स्वागत करने लगे। कई जगहों मिठाई बांटी गईं। इससे पूर्व सुबह के समय हवन-पूजन कर सफलता की कामना की गई।

चंद्रयान की लैंडिंग को लेकर सभी विद्यालयों व शिक्षण संस्थानों में लाइव प्रसारण दिखाए जाने के निर्देश दिए गए थे। इसके चलते शिक्षकों ने टीवी व मोबाइल के जरिए विद्यार्थियों को इसका प्रसारण दिखाया। सकरन के प्राथमिक विद्यालय सांडा द्वितीय में बच्चों को लैपटॉप पर सीधा प्रसारण दिखाया गया। शिक्षकों ने जब कहा कि चंद्रयान चंद्रमा पर पहुंच गया है तो बच्चे खुश होकर तालियां बजाने लगे। पीएम के देश के नाम संबोधन को सुनकर वह एक-दूसरे को मिठाई खिलाने लगे।

लहरपुर के प्राथमिक विद्यालय राही में सजीव प्रसारण किया गया। बरसात होने के बावजूद तमाम छात्र कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पहुंचे। कसमंडा विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय चौड़िया प्राचीन में बच्चों ने चंद्रयान-3 के पोस्टर बनाए। ऐतिहासिक पल का गवाह बनने के लिए वह स्कूल में ही डटे रहे। प्रधानाध्यापक अनूप शुक्ला ने बच्चों को चंद्रयान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इसी तरह पूरे जिले में विभिन्न जगहों पर कार्यक्रम आयोजित हुए।

हवन पूजन कर मांगी दुआ

चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग को लेकर ग्राम कोठवल स्थित श्रीराम जानकी मंदिर में भाजपा नेता गुरनाम सिंह, उमा शंकर कोरी, दर्शन बाबू सिद्धार्थ ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान शिव शंकर व पवनपुत्र की पूजा अर्चना की। सफल लैंडिंग के बाद ईश्वर काे धन्यवाद दिया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *