संवाद न्यूज एजेंसी, लखनऊ
Updated Sat, 18 Nov 2023 12:53 AM IST
रायबरेली। बछरावां क्षेत्र में बृहस्पतिवार को आग की चपेट में आने से झुलसी महिला की शुक्रवार को जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका के मायके वालों ने दहेज के लिए जलाकर मार डालने का ससुराल पक्ष पर आरोप लगाया। तहरीर पर पुलिस ने पति समेत छह लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज किया है।
बछरावांके नंदाखेड़ा गांव के सत्य प्रकाश की पत्नी ऊषा देवी (29) बृहस्पतिवार दोपहर घर गैस पर खाना बना रही थी। इस दौरान लगी आग की चपेट में आकर ऊषा झुलस गई। परिजनों ने उसे सीएचसी पहुंचाया, जहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया। अस्पताल में उपचार के दौरान ऊषा की मौत हो गई।
खीरों क्षेत्र के शंकर बक्शखेड़ा निवासी मृतका की मां मायादेवी ने शुक्रवार शाम बछरावां कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया कि तीन साल पहले हुई ऊषा की शादी के बाद से ससुराल पक्ष के लोग उसे दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे थे। उन्होंने ऊषा को जलाकर मार दिया है। कोतवाल बृजेश कुमार राय ने बताया कि तहरीर के आधार पर पति सत्य प्रकाश, ससुर देशराज, सास, ननद ऊषा, कुसमा व देवर के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज तफ्तीश की जा रही है।
