जिला अस्पताल में सांस की समस्या के साथ सीने में दर्द से हुई मौतेंडायरिया, बुखार, सीने में दर्द सहित अन्य समस्या के आठ मरीज भर्ती
संवाद न्यूज एजेंसी
रायबरेली। ठंड में बढ़ता रहा प्रदूषण का पारा दिल के साथ ही फेफड़े को भी जकड़ रहा है। सीने में दर्द और सांस लेने की समस्या होने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराए गए तीन मरीजों ने दम तोड़ दिया। मृतक मिलएरिया, भदोखर और डीह क्षेत्र के रहने वाले थे। इसके अलावा डायरिया, बुखार, सीने में दर्द सहित अन्य समस्याओं के चपेट में आए आठ से अधिक मरीजों को भर्ती करके इलाज शुरू किया गया है।
भदोखर थाना क्षेत्र के निकासू गांव के रहने वाले विनोद कुमार (59), मिलएरिया क्षेत्र के रूपामऊ निवासी मेवालाल (59) और डीह क्षेत्र के मोहगवां निवासी बिंदादीन (70) को गत मंगलवार की शाम जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। तीनों मरीजों को सांस लेने में दिक्कत हो रही थी और सीने में दर्द भी हो रहा था। मरीजों को भर्ती करके उनका इलाज शुरू किया गया, लेकिन रात में तीनों मरीजों ने दम तोड़ दिया। मरीजों की सभी जांचें भी नहीं हो सकीं।
जिला अस्पताल की इमरजेंसी में बुधवार को पहुंचे राजकीय कॉलोनी के उदयशंकर (50), चौपुरा निवासी राज कुमार (22), बासनटोला निवासी आमिर (26) को पेट दर्द व उल्टी दस्त होने पर भर्ती कराया गया। बुखार के चपेट में आने के बाद दीनगंज निवासी शिवदेवी (75), सहदेव (56), सीएमओ कार्यालय के पास रहने वाले अभय (8), ताजपुर निवासी सौरभ (11), राज कुमार (34) को भर्ती करके इलाज शुरू किया गया है। सांस की समस्या के भी कई मरीज भर्ती कराए गए हैं।
बरतें एहतियात, समय पर कराएं इलाजठंड में हृदय व फेफड़ों की समस्या बढ़ सकती है, इसलिए एहतियात बरतें। हालांकि अस्पताल में इलाज के पर्याप्त बंदोबस्त हैं, लेकिन मरीजों को गंभीर होने से पहले अस्पताल पहुंचाएं। समय से इलाज शुरू होने पर मरीजों को असानी से बचाया जा सकता है। -डॉ. महेंद्र मौर्या, सीएमएस जिला अस्पताल
