संवाद न्यूज एजेंसी, लखनऊ
Updated Sat, 16 Dec 2023 12:38 AM IST
लालगंज (रायबरेली)। क्षेत्र में बृहस्पतिवार रात एक डंपर की टक्कर से बिजली के दो खंभे टूट गए। इससे तीन गांवों की बिजली आपूर्ति शुक्रवार को दिनभर बाधित रही। उपकेंद्र की टीम ने पोल बदलवाकर बिजली आपूर्ति बहाल कराई।
यह हादसा क्षेत्र के रानीपुर गांव के पास रात करीब दो बजे हुआ। संपर्क मार्ग से गुजर रहा एक डंपर बिजली के तार में फंस गया। इसके बाद भी चालक ने वाहन नहीं रोका जिससे दो खंभे टूट गए। इसकी वजह से रानीपुर, रामपुर और ऊगाभाद गांव की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। करीब 10 हजार लोगों ने शुक्रवार को दिनभर बिजली संकट झेला। सूचना पर उपकेंद्र की टीम ने दूसरे खंभे लगाकर शाम पांच बजे बिजली आपूर्ति बहाल कराई। अवर अभियंता मुलायम यादव ने बताया कि अज्ञात वाहन की टक्कर से पोल टूट गए थे। उन्हें बदलवाकर आपूर्ति बहाल कर दी गई है।
