रायबरेली। जिले के ग्रामीण डाक सेवकों की हड़ताल के चलते बृहस्पतिवार को डाक वितरण का कार्य पूरी तरह से ठप हो गया। इसके चलते 392 शाखा डाकघरों से डाक का वितरण नहीं हो पा रहा है। रजिस्ट्री, स्पीड पोस्ट, पार्सल, मनी आर्डर के साथ अन्य सामग्री संबंधित व्यक्तियों तक पहुंच नहीं सकी।

300 ग्रामीण डाक सेवकों के माध्यम से प्रतिदिन औसतन तीन हजार डाक का वितरण किया जाता है। शाखा डाकघरों में कामकाज न होने से खाता खोलने और पैसे निकालने व जमा करने पहुंचे लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। सामूहिक बीमा का लाभ देने के साथ, वेतन वृद्धि, ग्रेच्युटी, चिकित्सा व पेंशन सुविधा मांग को लेकर ग्रामीण डाक सेवक बुधवार से आंदोलित है। दूसरे दिन बृहस्पतिवार को उन्होंने जिले भर में डाक वितरण का कार्य ठप कर दिया।

मांगें पूरी न होने तक जारी रहेगी हड़ताल

अखिल भारतीय ग्रामीण डाक सेवक संघ ने मांगों के संबंध में विभाग के अधिकारियाें को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कमलेश चंद्र कमेटी की पांच सिफारिशें लागू करने की मांग की। उन्हें लागू कराने के लिए ही ग्रामीण डाक सेवकों ने हड़ताल शुरू की है। ग्रामीण डाक सेवक संघ के मंडलीय मंत्री प्रदीप सिंह ने कहा कि जिले में प्रतिदिन तीन हजार से ज्यादा डाक का वितरण किया जाता है। हड़ताल के चलते बृहस्पतिवार को काम पूरी तरह ठप है। कहा कि मांगें पूरी न होने तक हड़ताल जारी रहेगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *