लखनऊ। पीजीआई इलाके में रहने वाले सैन्यकर्मी संदीप कुमार सिंह के बेटे को दिल्ली टेक्निकल विवि (डीटीयू) में दाखिला दिलाने के नाम पर ठग ऋषि भारद्वाज ने 9.81 लाख रुपये ऐंठ लिए। पीड़ित ने रविवार को पीजीआई थाने में केस दर्ज कराया है।
वृंदावन आवास विकास योजना स्थित बहादुर विहार में सैन्यकर्मी संदीप कुमार सिंह परिवार संग रहते हैं। उनके मुताबिक, मई में उनकी ऋषि भारद्वाज नाम से सोशल मीडिया के जरिये जान-पहचान हुई थी।
बातचीत के दौरान ऋषि ने संदीप के बेटा का डीटीयू में इंजीनियरिंग में दाखिला कराने की बात कही। इस पर संदीप ने पत्नी नीतू के खाते से कई बार में ऋषि के बताए गए अकाउंट में 9.81 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए गए।
न तो सैन्यकर्मी के बेटे का एडमिशन हुआ और न ही रकम लौटाई। उनके अनुसार, आरोपी ने उनके दो जानने वालों सूबेदार विक्रम त्यागी और सूबेदार मेजर ओमपाल सिंह से भी इस तरह ठगी की है।
