रायबरेली। डेंगू का प्रकोप थम नहीं रहा है। पीड़ितों की अस्पताल में भीड़ लग रही है। इस बीच इलाज के दौरान डेंगू के एक मरीज की लखनऊ के निजी अस्पताल में मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग इसे डेंगू से पहली मौत मान रहा है। इसके साथ शुक्रवार को डेंगू के 11 और मरीज मिले हैं। दूसरी तरफ स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी जांच और उपचार का दावा कर रहे है।
महराजगंज के मोहल्ला ताहिरनगर निवासी मो. फैज (40) ने पिछले दिनों बुखार की चपेट में आने पर इलाइजा जांच कराई थी। इस जांच में मोहम्मद फैज डेंगू संक्रमित पाए गए। परिजनों ने 18 अक्तूबर को फैज को लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। 19 अक्तूबर की रात फैज की उपचार के दौरान मौत हो गई। उसे डेंगू बुखार के साथ कई और दिक्कतें थीं। परिजनों के मुताबिक बुखार व अन्य परेशान बीमारी के चलते फैज के भाई की 10 दिन पहले मौत हो गई थी।
जिले में डेंगू के मरीज लगातार बढ़ रहे हैं। जिला अस्पताल में एलाइजा जांच में इस माह अब तक डेंगू के 20 मरीज मिल चुके हैं। जिला अस्पताल की पैथोलॉजी में हुई जांच में शुक्रवार को धमसीराय का पुरवा निवासी प्रतिमा (22), भदोखर निवासी नंदलाल (26), नेहरू नगर निवासी रामलली (60) और बछरावां निवासी आरती (35) डेंगू पीड़ित पाई गईं।
इसके अलावा निजी पैथोलॉजी की जांच में शुक्रवार को अंकुश (22), अर्श (9), अभ्युदय (11), आकृति (10), शिखा (11), धनंजय (29) और प्रियंका (31) डेंगू संक्रमित पाए गए। डेंगू के मरीज लगातार बढ़ने के बाद भी स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी केवल जांच व उपचार करने के दावे कर रहे हैं।
ओपीडी में भीड़, बुखार के 22 मरीज भर्ती
जिला अस्पताल की ओपीडी में में शुक्रवार को मरीजों की भीड़ रही। सभी काउंटरों पर दोपहर एक बजे तक मरीजों की लाइन लगी थी। ओपीडी में सबसे ज्यादा मरीज बुखार के पहुंचे। अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचे 22 मरीजों को भर्ती करके इलाज शुरू किया गया है। सीएमएस डॉ. महेंद्र मौर्या ने बताया कि मौसम में बदलाव से बुखार व डायरिया के मरीज बढ़े हैं। अस्पताल में पर्याप्त मात्रा में दवा उपलब्ध होने के साथ उपचार की उचित व्यवस्था है।
सीएचसी अधीक्षकों को किया सतर्क
महराजगंज में डेंगू से मौत की सूचना पर टीम भेजी गई है। सभी सीएचसी अधीक्षकों को बुखार के रोगियों पर खास नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ सीएचसी में पर्याप्त दवाओं का बंदोबस्त करने के लिए कहा गया है।
-डॉ. वीरेंद्र सिंह, सीएमओ
