संवाद न्यूज एजेंसी, लखनऊ
Updated Tue, 21 Nov 2023 12:34 AM IST
रायबरेली। जगतपुर थाने में युवक की पिटाई के मामले के तूल पकड़ने के बाद एसपी ने आरोपी दरोगा को लाइन हाजिर कर दिया है। यह कार्रवाई पूर्व मंत्री एवं क्षेत्रीय सपा विधायक डॉ. मनोज कुमार पांडेय के थाने पहुंचने और पीड़ित युवक का डॉक्टरी मुआयना कराए जाने के बाद की गई।
जगतपुर क्षेत्र के रामगढ़ टिकरिया गांव में गत बुधवार की रात तीन घरों से जेवरात व नकदी चोरी हो गई थी। इस घटना में संदेह के आधार पर रविवार को पुलिस ने रघुराजगंज मुकेश कुमार थाने पर बुलाया। आरोप है कि एक दरोगा ने युवक को कमरे में बंद कर पीटा और चोरी की घटना कुबूल करने का दबाव डाला।
इसकी जानकारी होने पर ग्रामीणों ने थाना घेरकर प्रदर्शन किया। इसके बाद पुलिस ने मुकेश को छोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलने पर विधायक डॉ. मनोज कुमार पांडेय रविवार देर रात जगतपुर थाने पहुंचे और युवक की पिटाई की घटना पर नाराजगी जताई। रात में ही युवक को सीएचसी जगतपुर ले जाकर डॉक्टरी मुआयना कराया। मुकेश की ओर से दरोगा के खिलाफ तहरीर भी दी गई है।
इसके बाद एसपी आलोक प्रियदर्शी ने आरोपी दरोगा जीशान खां को लाइन हाजिर कर दिया है। एसपी ने घटना की जांच सीओ डलमऊ अरुण कुमार को सौंपी है। बताया कि जांच में दोषी मिलने पर दरोगा के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जगतपुर एसओ से भी रिपोर्ट मांगी गई है।
