संवाद न्यूज एजेंसी, लखनऊ
Updated Sun, 25 Jun 2023 09:40 PM IST
सीतापुर। शहर कोतवाली क्षेत्र में धर्म परिवर्तन करा रहे मां-बेटे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी गरीब तबके के लोगों को निशाना बनाते थे। हिंदूवादी संगठन की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था।
हिंदूवादी संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विकास हिंदू ने तहरीर देकर बताया कि जिला खीरी थाना मैगलगंज निवासी अनुज मसीह और उसकी मां गीता मसीह क्षेत्र के गांव मंसूरपुर में किराए पर रहते हैं। वह गरीब लोगों को सरकारी नौकरी व शादी का लालच देकर जबरन धर्म परिवर्तन कराते थे।
शनिवार को उन्होंने एक सभा भी की थी। जिसमें वह लोगों को हिंदू धर्म के खिलाफ बरगला रहे थे। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। सीओ सिटी सुशील कुमार ने बताया कि आरोपियों के पास से धार्मिक किताबें बरामद हुईं हैं। दोनों को जेल भेज दिया गया है।
संगठन के कार्यकर्ता का ही करा रहे थे धर्म परिवर्तन
आरोपी करीब डेढ़ साल से किराए के मकान में रह रहे थे। आरोपियों ने हिंदूवादी संगठन की ही एक महिला कार्यकर्ता देवी रविदास से भी धर्म परिवर्तन करने की बात कही थी। उसने सारी बात राष्ट्रीय अध्यक्ष को बताई। आरोपियों ने बताया कि गाजियाबाद का रहने वाला एक युवक उनसे धर्म परिर्वतन कराने की बात कहता है। पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि आरोपी जिस मकान में रह रहे थे। आखिर उस मकान मालिक को इसकी जानकारी क्यों नहीं हुई।