संवाद न्यूज एजेंसी, लखनऊ
Updated Fri, 27 Oct 2023 12:47 AM IST
रायबरेली। शहर के गीता शर्मा नर्सिंग होम में सिजेरियन प्रसव के बाद प्रसूता की मौत के मामले में जांच कमेटी को घटना की रात का सीसीटीवी फुटेज मिल गया है। बृहस्पतिवार को नर्सिंग होम संचालक ने 12 घंटे की फुटेज उपलब्ध कराई है। इसकी जांच कर कमेटी अपनी रिपोर्ट देगी।
सरेनी क्षेत्र के गहरौली गांव की अनीता सिंह की कैनाल रोड स्थित गीता शर्मा नर्सिंग होम में सिजेरियन प्रसव के बाद 18 अक्तूबर को तड़के मौत हो गई थी। परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। प्रसूता के पति सचिन सिंह व भाई अनिल कुमार ने डीएम और सीएमओ से शिकायत की। इसके बाद एसीएमओ डॉ. अरविंद कुमार, जिला अस्पताल के कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. सलीम, सर्जन डॉ. जेके लाल, बछरावां सीएचसी की सर्जन डॉ. अर्पिता श्रीवास्तव और बेहोशी के चिकित्सक डॉ. अनूप गुप्ता की कमेटी को जांच सौंपी गई।
जांच कमेटी ने प्रसूता की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए नर्सिंग होम से घटना की रात की सीसीटीवी फुटेज मांगी थी। नर्सिंग होम संचालक ने बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य विभाग को सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराई है। एसीएमओ डॉ. अरविंद कुमार ने बताया कि 17 और 18 अक्तूबर की रात का गीता शर्मा नर्सिंग होम का सीसीटीवी फुटेज मिल गया है। रात 11 से सुबह चार बजे तक के फुटेज का परीक्षण कर रिपोर्ट दी जाएगी।
