रायबरेली। वाराणसी में नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य की वजह से एक महीने से निरस्त ट्रेनें पटरी पर लौटने लगी हैं। रूट की 10 ट्रेनों का संचालन सोमवार से शुरू हो जाएगा। इसके साथ अयोध्या रूट की कई ट्रेनें जिले से होकर गुजरेंगी। निरस्त ट्रेनें चलने से स्थानीय यात्रियों को काफी सहूलियत मिलेगी।
वाराणसी में नॉन-इंटरलॉकिंग का काम 15 अक्तूबर तक कराया जाना है। इस कार्य के चलते रूट की कई प्रमुख ट्रेनें कई हफ्ते से निरस्त हैं। इससे यात्रियों को काफी परेशानी हो रही है। पिछले दिनों कुछ ट्रेनों का संचालन शुरू कराया गया। करीब एक माह से प्रभावित पांच जोड़ी ट्रेनें का संचालन शुरू नहीं हो सका।
इनमें पंजाब मेल, नीलांचल एक्सप्रेस, अर्चना एक्सप्रेस, मालदा टाउन और कोलकाता की अप व डाउन ट्रेनें शामिल है। इन ट्रेनों का संचालन 16 अक्तूबर से शुरू होगा। ये ट्रेनें 17 अक्तूबर से जिले से होकर गुजरेंगी।
इंटरसिटी 17 से 28 तक निरस्त, कई ट्रेनों के रूट बदले
जौनपुर-रायबरेली के बीच प्रतिदिन चलने वाली इंटरसिटी ट्रेन 17 अक्तूबर से 28 तक निरस्त रहेगी। इस अवधि में अयोध्या व सुल्तानपुर रूट पर चलने वाली 15 ट्रेनों को प्रतापगढ़-रायबरेली के रास्ते चलाया जाएगा। एक ट्रेन ऊंचाहार-रायबरेली के रास्ते चलेगी। इनमें साबरमती एक्सप्रेस, जलियावाला बाग एक्सप्रेस, सद्भावना एक्सप्रेस, द्वारिका एक्सप्रेस, दून एक्सप्रेस आदि शामिल हैं। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक रेखा शर्मा के मुताबिक जौनपुर में 17 से 28 अक्तूबर तक नॉन-इंटरलॉकिंग का कार्य कराया जाएगा। इसके चलते कई गाड़ियों को दूसरे रूट से चलाया जाएगा। कुछ ट्रेनों को निरस्त भी किया जाएगा।
