संवाद न्यूज एजेंसी, लखनऊ

Updated Mon, 15 May 2023 12:12 AM IST

रायबरेली। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग प्रयागराज की ओर से सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा-2023 रविवार 27 परीक्षा केंद्रों में कराई गई। दो पालियों में हुई इस परीक्षा में 3647 अभ्यर्थी पहले ही पीसीएस बनने की दौड़ से बाहर हो गए। यानी कि इन लोगों ने परीक्षा नहीं दी। सभी परीक्षा केंद्रों में कड़ी निगरानी रही। स्टेटिक मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस बल तैनात किया गया। सेक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों ने भी निरीक्षण किया।

पहली पाली की परीक्षा सुबह 9.30 बजे से 11.30 बजे तक और दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2.30 बजे से 4.30 बजे तक हुई। दोनों पालियों में सघन तलाशी के बाद अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया गया। सभी 27 केंद्रों में 10957 अभ्यर्थी आवंटित किए गए थे। पहली पाली में 7379 अभ्यर्थी उपस्थित और 3578 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में अनुपस्थित अभ्यर्थियों की संख्या बढ़कर 3647 पहुंच गई, क्योंकि पहली पाली में पेपर खराब होने पर कई अभ्यर्थियों ने दूसरी पाली में परीक्षा नहीं दी। दूसरी पाली में 7310 अभ्यर्थी उपस्थिति और 3647 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।

सभी केंद्रों में स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती रही। नौ सेक्टर मजिस्ट्रेटों ने भ्रमण कर सभी केंद्रों की निगरानी की और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी और अपर पुलिस अधीक्षक नवीन कुमार सिंह ने भी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। सभी परीक्षा केंद्रों में अभ्यर्थियों की तलाशी के लिए गेट पर दो महिला एवं दो पुरुष पुलिसकर्मी तैनात रहे। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर अतिरिक्त पुलिस बल की ड्यूटी भी लगाई गई। सभी सेक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ सशस्त्र पुलिस बल ने भ्रमण किया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *