रायबरेली। भदोखर थाने की पुलिस पर हत्या के आरोप में निर्दाेष युवक को जेल भेजने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने सोमवार को एसपी कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। उनका कहना है कि इस मामले में दोषियों को पुलिस ने छोड़ दिया। उन्होंने एसपी से मामले की जांच कराकर कार्रवाई करने की मांग की।
भदोखर क्षेत्र के बेलागुसीसी गांव निवासी एैन अली 30 नवंबर की सुबह संदिग्ध हालात में मृत मिला था। उसके भाई मो. अयूब उर्फ राजू ने हत्या का आरोप लगाते हुए गांव की महिला रुही के खिलाफ केस दर्ज कराया। पुलिस रूही से पूछताछ की। इसके बाद 16 दिसंबर को पुलिस ने एैन अली की हत्या का खुलासा करते हुए बेलागुसीसी गांव के इरशाद को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया।
इस कार्रवाई के खिलाफ सोमवार को मृतक के भाई मो. अयूब के साथ गांव के सुल्तान, जाहिद, पीरबक्श, जावेद, मुन्ना, मो. हनीफ, शंकर, राकेश आदि ने एसपी कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि एैन अली की हत्या के मामले में पुलिस ने गांव की महिला, सुल्तानपुर जनौली के एक युवक समेत अन्य लोगों को हिरासत में लिया था।
पूछताछ के नाम पर पुलिस ने उन्हें छोड़ दिया। इस मामले में जेल भेजा गया इरशाद बेकसूर है। एसपी आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत पर जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
