संवाद न्यूज एजेंसी, लखनऊ
Updated Sat, 28 Oct 2023 12:42 AM IST
रायबरेली। शहर की प्रभुटाउन कॉलोनी में झाड़ियों के बीच शुक्रवार को एक युवक संदिग्ध हालात में मृत मिला। युवक के माथे पर भारी वस्तु से चोट करने का निशान मिला है। इससे युवक की हत्या कर शव झाड़ियों में फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय पुलिस के साथ मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने भी जांच की और साक्ष्य जुटाए। मौके पर जमा स्थानीय लोग युवक की पहचान नहीं कर सके। युवक की उम्र 30 से 35 साल के बीच बताई जा रही है। युवक के शरीर पर सफेद शर्ट और काला लोअर मिला है। आसपास के लोगों ने बताया कि रात के समय झाड़ियों के बीच नशेड़ियों का जमावड़ा लगता है। कोतवाली प्रभारी संजय त्यागी का कहना है कि युवक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।
