संवाद न्यूज एजेंसी, लखनऊ
Updated Sun, 05 Nov 2023 12:38 AM IST
रायबरेली। गर्भवती महिलाओं के इलाज, प्रसव और जांच में बेहतर काम करने पर जिले को मंडल में पहला स्थान मिला है। प्रदेश स्तर पर जिला तीसरे पायदान पर पहुंच गया है। जिले में संस्थागत प्रसव 76 प्रतिशत पर पहुंच गया है।
सीएमओ डॉ. वीरेंद्र सिंह ने बताया कि जिले ने आरसीएच पोर्टल के सभी आठ सूचकांकों में 60 प्रतिशत से अधिक की उपलब्धि हासिल की है। अक्तूबर माह की रैंकिंग में जिले का प्रदर्शन सबसे अच्छा रहा। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत आरसीएच पोर्टल पर गर्भवती के पंजीकरण, प्रसव पूर्व जांच, नवजात का पंजीकरण, बच्चों का नियमित व संपूर्ण नियमित टीकाकरण, संस्थागत प्रसव आदि सेवाओं के नियमित डाटा फीडिंग का कार्य किया जाता है।
सीएमओ ने बताया जिले में गर्भवती का पंजीकरण 37 प्रतिशत हुआ है। गर्भावस्था की पहली तिमाही में 85 प्रतिशत महिलाओं व उच्च जोखिम गर्भावस्था वाली सात प्रतिशत महिलाओं का पंजीकरण हुआ। प्रसव पूर्व सभी चार जांचों में 73 प्रतिशत उपलब्धि रही। संस्थागत प्रसव की उपलब्धि 76 प्रतिशत रही।
