रायबरेली। परिषदीय विद्यालयों में कक्षा एक से आठ तक पढ़ने वाले 1.91 लाख बच्चों का डाटा डीबीटी के के लिए तकरीबन तैयार हो गया है। बस इन बच्चों को धनराशि भेजा जाना बाकी है। यह काम इसी हफ्ते पूरा करने की तैयारी है। उधर कई विकास क्षेत्रों का काम धीमा चल रहा है। इन ब्लॉकों के अधिकारियों को बीएसए ने काम पूरा करने को कहा है। लापरवाही पर चेतावनी दी है।

धनराशि मिलते ही बच्चों को यूनिफॉर्म, जूता-मोजा आदि के लिए 12-12 सौ रुपये धनराशि मिल जाएगी। डीबीटी प्रक्रिया में 33510 बच्चे ऐसे हैं, जिनका सत्यापन कार्य किसी न किसी स्तर पर अभी लटका हुआ है। पांच विकास क्षेत्रों का काम बहुत धीमा है। इसमें नगर क्षेत्र, डलमऊ, छतोह, गौरा और सरेनी विकास क्षेत्र शामिल है, जिनका लंबित डाटा 20 फीसदी से अधिक है। लालगंज, सलोन, महराजगंज, हरचंदपुर, डीह, सतांव, रोहनिया का 10 से 20 फीसदी तक डाटा लंबित है। बाकी विकास क्षेत्रों का लंबित डाटा 10 फीसदी से कम है। सभी विकास क्षेत्रों को डीबीटी कार्य में तेजी लाने को कहा गया है, ताकि पहले चरण में दो लाख से ज्यादा बच्चों को लाभान्वित कराया जा सके।

जिले में दो लाख 18 हजार 198 बच्चे कक्षोन्नति के कारण उसी स्कूल में पढ़ रहे हैं। अप्रैल से नया शैक्षिक सत्र शुरू होने पर नए बच्चों का दाखिला भी शुरू हो गया, जिसे बच्चों की संख्या बढ़कर अब तक दो लाख 32 हजार 166 हो गई है। पहले चरण में कक्षोन्नति वाले सभी बच्चों को लाभान्वित कराए जाने को कहा गया था, जिसके लिए नया सत्र शुरू होते ही डीबीटी प्रक्रिया शुरू हो गई। वैसे तो अब तक पहले चरण में बच्चों को लाभान्वित करा दिया जाता, लेकिन निकाय चुनाव के चलते प्रक्रिया की रफ्तार धीमी रही और बच्चों को लाभान्वित कराने का काम भी शुरू नहीं किया गया। चुनाव खत्म होते ही तेजी दिखने लगी है।

अब तक दो लाख 12 हजार 179 बच्चों का आधार सत्यापन हो चुका है, जबकि बच्चों के माता-पिता या अभिभावकों का सत्यापन कार्य एक लाख 98 हजार 596 हुआ है। एक लाख 91 हजार 308 ऐसे बच्चे हैं, जिनकी डीबीटी प्रक्रिया में सत्यापन कार्य पूरा हो चुका है और उनका डाटा धनराशि भेजने के लिए तैयार है। जिला समन्वयक (सामुदायिक) संजीव गुप्ता का कहना है कि लगभग 1.91 लाख बच्चों का डाटा तैयार है। काम तेजी से चल रहा है, जिससे पहले चरण में दो लाख बच्चों को यूनिफार्म, जूता-मोजा आदि के लिए 12-12 सौ रुपये की धनराशि भेजे जाने का प्रयास होगा। यह काम इसी हफ्ते पूरा किया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *