संवाद न्यूज एजेंसी, लखनऊ
Updated Sun, 19 Nov 2023 12:25 AM IST
रायबरेली। हरचंदपुर क्षेत्र में बाइक की टक्कर से साइकिल सवार एक किसान की मौत हो गई। इस हादसे के बाद बाइक मौके पर छोड़कर सवार भाग निकला।
हरचंदपुर के डिडौली गांव के किसान त्रिभुवन सिंह (58) शुक्रवार दोपहर साइकिल से घर लौट रहा था। गांव के पास लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर एक बाइक सवार युवक ने त्रिभुवन की साइकिल में टक्कर मार दी। इससे त्रिभुवन साइकिल सहित सड़क पर गिर गए। उनके सिर में गंभीर चोट लग गई।
सूचना पर पहुंचे परिजनों ने त्रिभुवन को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान शनिवार शाम उनकी मौत हो गई। गांव के प्रधान के पति राजकुमार सिंह ने बताया कि त्रिभुवन के परिवार में पत्नी माया, बेटे अतुल, विपुल और चार बेटियां हैं। त्रिभुवन की मौत की सूचना से परिजन बिलख पड़े। थाना प्रभारी प्रमोद सिंह ने बताया कि मौके पर मिली बाइक के आधार पर युवक की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज होगा।
