वाहन में फंसी बाइक की चपेट में आने से दंपती घायल
संवाद न्यूज एजेंसी
खीरों (रायबरेली)। थाना क्षेत्र में बुधवार को बेकाबू पिकअप की टक्कर से बाइक सवार व्यापारी की मौत हो गई। टक्कर के बाद व्यापारी की बाइक वाहन में फंस गई, जिसकी चपेट में आने से दूसरी बाइक पर सवार दंपती घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया।
जिला मुख्यालय स्थित सब्जी मंडी निवासी मो. रिजवान (38) पुत्र एजाज खान लालगंज में गुरुबख्शगंज चौराहे पर शमा टेलर्स के नाम से दुकान चलाता था। दोपहर करीब 11:30 बजे घर से बाइक से कानपुर जा रहा था। लालगंज-कानपुर हाईवे पर जगन्नाथगंज के पास सामने से आ रही पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि रिजवान की बाइक वाहन में फंसकर घिसटती हुई सड़क पर काफी दूर चली गई। इसकी चपेट में आकर सामने से आ रहे बाइक सवार उन्नाव जिले के थाना बीघापुर के गांव दुबेपुर निवासी मोहम्मद रफीक (65) पत्नी रजिया बानो (62) सड़क पर गिरकर घायल हो गए। आसपास मौजूद लोग जब तक मौके पर पहुंचे। चालक पिकप लेकर फरार हो गया। सभी घायलों को सीएचसी खीरों पहुंचाया गया, जहां रिजवान को मृत घोषित कर दिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन सीएचसी पहुंचे। रिजवान की मौत से पत्नी गुलशन बानो, पुत्र अली (6) व पुत्री अलीशा (2), मां नाजनी बेगम, बड़े भाई यूसुफ खान, छोटे भाई इमरान व इरशाद का रो-रोकर हाल बेहाल है। एसओ देवेंद्र भदौरिया ने बताया कि मृतक के छोटे भाई इमरान की तहरीर पर अज्ञात पिकप चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों बाइक सवार हेलमेट लगाए थे, लेकिन टक्कर लगने से हेलमेट टूट गए थे।
व्यापारियों ने जताया दुख
खीरों। सड़क हादसे में रिजवान की मौत की जानकारी होने पर लालगंज और खीरों के व्यापारियों ने दुख जताया। वह अस्पताल पहुंचकर परिवारीजनों से मिले और ढांढस बंधाया। व्यापारी अफसर खां, समसुद्दीन ने बताया कि रिजवान बहुत ही शांत स्वभाव के साथ ही व्यापार मंडल लालगंज का सदस्य था। (संवाद)
