रायबरेली। डेंगू का प्रकोप थम नहीं रहा है। जिले के आम लोगों को संक्रामक बीमारियों से बचाने में लगे स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी डेंगू की चपेट में आने लगे हैं। शनिवार को जिला मलेरिया अधिकारी, महराजगंज के सीएचसी अधीक्षक समेत चार लोग डेंगू संक्रमित मिले हैं।
इन संक्रमितों में मलेरिया विभाग का एक लिपिक भी शामिल है। इसके अलावा एक मलेरिया निरीक्षक बुखार से ग्रसित हैं। महराजगंज के सीएचसी अधीक्षक के डेंगू संक्रमित मिलने के बाद शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने कस्बे के लोगों की जांच की। दवा का छिड़काव कराया गया।
जिला मलेरिया अधिकारी भीखुल्लाह पिछले कई दिनों से बुखार से पीड़ित हैं। वे जांच में डेंगू पॉजिटिव पाए गए। इसके साथ भीखुल्लाह की प्लेटलेट्स भी काफी कम हो गईं। इसके बाद वे लखनऊ में पुरनिया के डॉ. विवेक से अपना इलाज करा रहे हैं। इसके साथ जिला मलेरिया अधिकारी कार्यालय के लिपिक बीपी सिंह की रिपोर्ट भी डेंगू पॉजिटिव आई है।
महराजगंज सीएचसी के अधीक्षक डॉ. एसपी सिंह भी डेंगू के चपेट में आ गए हैं। बुखार से पीड़ित सतांव क्षेत्र के हिमांशु ने जांच कराई तो वे भी डेंगू संक्रमित मिले। मलेरिया निरीक्षक मो. आतिफ कई दिन से बुखार से पीड़ित हैं। महराजगंज कस्बे में डेंगू के कई मरीज मिलने पर शनिवार को पर्यवेक्षक मो. नकवी की टीम ने वहां पहुंची और 35 लोगों के ब्लड सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए। बुखार पीड़ितों को दवाएं दी गईं।
जिला अस्पताल में दो दिन से एलाइजा जांच ठप
जिला अस्पताल में दो दिन से एलाइजा जांच नहीं हो रही है। रैपिड टेस्ट कार्ड उपलब्ध होने के बाद उसी से संदिग्ध मरीजों की जांच की जा रही है। हालांकि जांच में कोई संक्रमित नहीं मिला है। उधर, अस्पताल की ओपीडी में शनिवार को भी मरीजों की लंबी लाइनें लगी थीं। उनमें ज्यादा संख्या बुखार पीड़ित की थी। भीड़ के चलते मरीजों पर्चा बनवाने, ओपीडी और दवा काउंटर पर परेशानी का सामना करना पड़ा।
संक्रमितों का चल रहा इलाज
डेंगू संक्रमित मिले सीएचसी अधीक्षक, मलेरिया अधिकारी व अन्य लोगों की सेहत ठीक है। उनका इलाज चल रहा है। मौसम में हो रहे बदलाव को देखते हुए लोगों को एहतियात बरतने से के साथ मच्छरों से बचाव करना चाहिए। तबीयत खराब होने पर नजदीक के अस्पताल में जांच व इलाज कराएं।
-डॉ. वीरेंद्र सिंह, सीएमओ
