संवाद न्यूज एजेंसी, लखनऊ
Updated Sat, 16 Dec 2023 12:35 AM IST
रायबरेली। ऊंचाहार स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पर तैनात एक महिला चिकित्सक तीन माह से गैरहाजिर हैं। इसका खुलासा शुक्रवार को सीएमओ डॉ. वीरेंद्र सिंह के निरीक्षण में हुआ। इस मामले में महिला चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई के लिए स्वास्थ्य महानिदेशक को पत्र भेजने के साथ सीएचसी अधीक्षक को चेतावनी दी गई है।
सीएचसी पहुंचे सीएमओ ने उपस्थिति रजिस्टर की जांच की तो पता चला कि डॉ. सुनीता तीन माह से अस्पताल नहीं आ रही हैं। अधीक्षक डॉ. मनोज शुक्ला ने बताया कि छुट्टी लेने के बाद से वह लगातार लापता हैं। इस संबंध में उन्होंने कोई सूचना भी नहीं दी है।
उपस्थिति रजिस्टर में डाॅ. सुनीता की गैरहाजिरी दर्ज करने के बावजूद अधीक्षक ने यह सूचना सीएमओ कार्यालय को नहीं दी। इस पर सीएमओ ने नाराजगी दर्ज कराई। उन्होंने सीएचसी परिसर में निर्माणाधीन ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट के भवन का निरीक्षण करने के साथ कार्य को जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए।
