लालगंज (रायबरेली)। क्षेत्र के लालगंज-सरेनी मार्ग पर सोमवार की रात पिकअप और लोडर वाहन में आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इस हादसे में लोडर चालक और डीजे संचालक की मौत हो गई। दो किशोर जख्मी हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि लोडर वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद पिकअप सवार लोग वाहन छोड़कर मौके से भाग निकले।
यह हादसा बेहटाकला गांव के पास हुआ है। सरेनी क्षेत्र के धूरेमऊ निवासी कपिल कुमार (20) डीजे संचालक था। वह सोमवार रात ग्रुप के अन्य सदस्यों के साथ उतरागौरी गांव में वैवाहिक कार्यक्रम में डीजे बजाने गया था। सभी देर रात लोडर से डीजे लेकर लौट रहे थे। बेहटाकला गांव के पास रात करीब 12 बजे सामने से पिकअप वाहन से भिड़ंत हो गई।
इस हादसे में कपिल कुमार के साथ लोडर चालक बाबू (23) निवासी पूरे शितलहा मजरे धूरेमऊ की मौके पर ही मौत हो गई। लोडर पर सवार कुमेदान का पुरवा निवासी रिंकू (17) और संजय उर्फ सनी (16) गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल किशोरों को अस्पताल पहुंचाया।
इससे पहले पिकअप चालक व उस पर सवार लोग मौके से भाग निकले। कोतवाली प्रभारी शिवशंकर सिंह ने बताया कि हादसे के संबंध में मृतक बाबू के पिता नक्कू ने तहरीर दी है। दोनों वाहनों को कब्जे में लिया गया है।
डीजे संचालक कपिल की होने वाली थी शादी
लोडर चालक बाबू की मौत की खबर घर पहुंची तो उसकी मां शिवकांती बिलख पड़ी। बड़े भाई दीपू ने बताया कि बाबू बुकिंग पर लोडर चलाता था। उसकी अभी शादी नहीं हुई थी। ग्रामीणों के मुताबिक मृतक कपिल कुमार की शादी तय हो गई थी। शादी की तारीख अभी निश्चित नहीं हुई थी लेकिन घर में तैयारियां शुरू हो गई थीं। कपिल वैवाहिक कार्यक्रम में डीजे बजाता था। उसकी मौत से परिवार में मातम छा गया।
