उत्तर रेलवे प्रशासन ने वेंडर पर लगाया एक लाख रुपये का जुर्माना
माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। चारबाग रेलवे स्टेशन पर वेंडर ने एक यात्री को 15 रुपये के पानी की बोतल 20 रुपये में बेची। जब यात्री ने इसका विरोध किया तो वेंडर ने यात्री को पीट दिया। मामले के तूल पकड़ने पर रेलवे प्रशासन ने वेंडर पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया और उसका ठेका निरस्त करने की भी बात कही है। यात्री ने वेंडर पर नशे में होने का आरोप भी लगाया है।
मामला बुधवार रात 12 बजे का है। यात्री राजन कुमार ने मामले का पूरा वीडियो ट्विट भी किया है। यात्री ने बताया कि प्लेटफॉर्म नंबर दो पर स्थित मल्टीपरपज स्टॉल पर उन्होंने वेंडर से पानी की बोतल ली, जिसके 15 रुपये होते हैं। पर, वेंडर ने उनसे 20 रुपये मांगे। उन्होंने बोतल पर प्रिंट रेट की बात की और कहा कि पंद्रह रुपये ही देंगे। उन्होंने विरोध दर्ज कराया। इस पर वेंडर ने कहा कि पानी 20 रुपये में ही मिलता है। वेंडर से पहले कहासुनी हुई, इसी बीच वेंडर के साथी भी आ गए और उन्हें पीट दिया। राजन ने बताया कि मौके पर पहुंचे सुरक्षाकर्मी ने उनकी मदद करने के बजाय वेंडरों का ही पक्ष लिया। सुरक्षाकर्मी ओवरचार्जिंग को वेंडर का हक बताता रहा।
रोजाना होती है कहासुनी
रेलनीर पंद्रह रुपये का बिकता है। पर, चारबाग रेलवे स्टेशन ही नहीं, अमूमन सभी स्टेशनों पर वेंडर ओवरचार्जिंग करते हैं, जिनकी शिकायतें अनसुनी कर दी जाती हैं। वेंडर पानी ठंडा करने के एवज में पांच रुपये अतिरिक्त मांगते हैं। जबकि प्रिंट रेट से अधिक पर पानी नहीं बेचा जा सकता है।
ठेका निरस्त किया जाएगा
यात्री की शिकायत पर वेंडर का ठेका निरस्त किया जाएगा। साथ ही अभद्रता के लिए कार्रवाई करते हुए एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। यात्रियों के साथ दुर्व्यवहार माफ नहीं किया जाएगा।
-रेखा शर्मा, सीनियर डीसीएम, उत्तर रेलवे
