ऊंचाहार (रायबरेली)। सरेनी के बाद छात्रा को परेशान करने का एक मामला ऊंचाहार क्षेत्र में सामने आया है। इंटरमीडिएट की एक छात्रा ने शोहदे से परेशान होकर विद्यालय जाना छोड़ दिया है। आरोप है कि शोहदा विद्यालय जाते-आते छात्रा के साथ छेड़छाड़ करता है। शादी करने का दबाव डाल रहा है। शादी न करने पर दुष्कर्म करने की धमकी देता है।

इस घटना की शिकायत पर ऊंचाहार पुलिस जांच कर रही है। क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 16 वर्षीय किशोरी इलाके के विद्यालय में कक्षा 12 की छात्रा है। उसके घर से विद्यालय की दूरी करीब 10 किमी. है। छात्रा ने सोमवार शाम कोतवाली में तहरीर दी। उसने आरोप लगाया कि विद्यालय जाते समय नजनपुर मजरे दौलतपुर गांव का एक युवक अपने दोस्त के साथ उसे रोककर छेड़छाड़ करता है। शादी करने का दबाव बनाता है।

छात्रा को युवक एक साल से परेशान कर रहा है। शादी न करने पर दुष्कर्म करने और उसके साथ भाई को जान से मारने की धमकी देता है। छात्रा कहना है कि करीब 10 दिन पहले बाजार जाने के दौरान दो नकाबपोश युवकों ने उसे अगवा करने की धमकी दी। गत रविवार को आई फोन कॉल पर उसके भाई की हत्या कराने की धमकी दी गई।

पीड़िता का कहना है कि शोहदे से परेशान होकर उसने एक माह से स्कूल जाना छोड़ दिया। घटना के बारे में परिजनों को बताया और पुलिस को तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी आदर्श कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जांच कराई जा रही है। छात्रा ने जिस युवक पर आरोप लगाया, उसके मोबाइल फोन की लोकेशन तेलंगाना में पाई गई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *