केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की अब लखनऊ में क्षेत्रीय कार्यालय होगा। सीबीएसई की कक्षा 10 वीं और 12 वीं की बोर्ड परीक्षाएं 17 फरवरी से शुरू हो रही हैं। परीक्षा की पारदर्शिता और सुचारु संचालन सुनिश्चित करने के लिए पहली बार लखनऊ में भी कंट्रोल रूम स्थापित किया जा रहा है। इस कंट्रोल रूम से राजधानी सहित उत्तर प्रदेश के 31 जिलों में आयोजित होने वाली परीक्षाओं की निगरानी की जाएगी।

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के अधिकारियों के अनुसार, प्रयागराज के बाद गोमतीनगर विस्तार क्षेत्र में दूसरा क्षेत्रीय कार्यालय स्थापित किया जा रहा है। शनिवार को प्रस्तावित कार्यालय स्थल का निरीक्षण किया गया। उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ लिमिटेड कार्यालय के पास बनने वाले इस क्षेत्रीय कार्यालय में क्षेत्रीय अधिकारी का कार्यालय स्थापित होगा। इसके साथ ही जिला स्तर पर नामित नोडल अधिकारियों की बैठक व समन्यय के लिए भी यहीं व्यवस्था की जाएगी।

अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में सीबीएसई से मान्यता प्राप्त विद्यालयों की संख्या लगातार बढ़ रही है। एक ही क्षेत्रीय कार्यालय से सभी जिलों की निगरानी करना व्यावहारिक नहीं रह गया था। इसी आवश्यकता को देखते हुए लखनऊ में नया क्षेत्रीय कार्यालय खोला जा रहा है। यहां से लखनऊ मंडल सहित प्रदेश के 31 जिलों में परीक्षा प्रबंधन, शिकायत निवारण और आपात स्थिति में त्वरित समन्वय किया जाएगा। सीबीएसई के पीआरओ नीति शंकर के अनुसार, लखनऊ क्षेत्रीय कार्यालय से लखनऊ मंडल के अलावा कानपुर, अयोध्या, रायबरेली और झांसी समेत 31 जिलों का प्रबंधन होगा। काम का बंटवारा होने के बाद अफसरों को भी सहूलियत होगी।

राजधानी में बनाए गए हैं 40 परीक्षा केंद्र…

राजधानी में इस वर्ष करीब 45 हजार छात्र-छात्राएं सीबीएसई की बोर्ड परीक्षाओं में शामिल होंगे, जिनके लिए लगभग 40 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। बोर्ड परीक्षा 9 अप्रैल तक प्रस्तावित है। परीक्षा संचालन की प्राथमिक जिम्मेदारी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को सौंपी गई है, जबकि कंट्रोल रूम के माध्यम से संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *