रायबरेली। बछरावां क्षेत्र में लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर शनिवार शाम तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार युवकों को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक पर सवार दोनों युवकों की मौत हो गई। हादसे के बाद कार समेत चालक मौके से भाग निकला।

यह हादसा हाईववेपर चुरुवा पश्चिम गांव के मोड़ पर हुआ। कौशांबी जिले के सरांय अकिल क्षेत्र के फकीराबाद गांव निवासी सत्यम गुप्ता (18) अपने गांव के वीरेंद्र (19) के साथ बाइक से बछरावां की तरफ जा रहे थे। लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर चुरुवा पश्चिम गांव के बाईपास मार्ग पर मुड़ते समय बाइक सवार युवकों को एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक दूर जा गिरे। इस बीच कार समेत चालक मौके से भाग निकला। सूचना पर पहुंची एनएचएआई की एंबुलेंस ने दोनों घायलों को सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सक डाॅ. गणनायक पांडेय ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक सवार युवक हेलमेट नहीं लगाए थे। उनके सिर में लगी गंभीर चोट को मौत की वजह माना जा रहा है। कोतवाल बृजेश कुमार राय ने बताया कि कार चालक के बारे में जानकारी की जा रही है। युवकों के परिजनों को हादसे की सूचना दी गई है। परिजनों के आने के बाद ही पता चल पाएगा कि युवक कहां जा रहे थे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *