लखनऊ। सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में सोमवार शाम तेज रफ्तार कार सामने से एक स्कूटी में टक्कर मारने के बाद डंपर में जा घुसी। इससे स्कूटी सवार छात्र की मौत हो गई और उसका साथी घायल हो गया। वहीं, गुडंबा में शादी में जा रहे इंजीनियर व उसके साथी की बाइक में कुर्सी रोड पर रविवार को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल दोनों लोगों को पुलिस ने ट्राॅमा सेंटर पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान इंजीनियर की मौत हो गई। उसके साथी का इलाज चल रहा है।

मोहनलालगंज के कल्ली पूरब निवासी उदयभान सिंह का इकलौता बेटा अभय सिंह (18) महाराजा बिजली पासी कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष का छात्र था। सोमवार को अभय अपने दोस्त पीजीआई के सभाखेड़ा निवासी गौरव सिंह (19) के साथ परीक्षा देने गया था। शाम पांच बजे दोनों स्कूटी से लौट रहे थे। माईजी का पुरवा के पास किसान पथ पर रायबरेली रोड की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार अभय की स्कूटी में टक्कर मारकर डंपर से जा टकराई। हादसे में अभय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गौरव बुरी तरह घायल हो गया।

हादसे के बाद आरोपी चालक कार छोड़कर भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल गौरव को अस्पताल में भर्ती कराया। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो कार की रफ्तार काफी तेज थी और हादसे में उसके एयरबैग खुल गए थे। पुलिस का कहना है कि कार कब्जे में ले ली गई है। केस दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

जानकीपुरम सेक्टर एच निवासी वैभव सिंह (29) बंगलूरू की एक आईटी कंपनी में इंजीनियर थे। उनके बड़े भाई चेरियन के मुताबिक वैभव अपने दोस्त आदिल नगर निवासी सनी (28) के साथ रविवार रात 12 बजे बुलेट से कुर्सी रोड पर शादी समारोह में जा रहे थे। सृष्टि अपार्टमेंट के सामने तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। इससे वैभव डिवाइडर पर लगे खंभे से टकरा गए और उनका सिर फट गया, जबकि सनी के दाहिने हाथ और पैर में काफी चोटें आईं। राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने दोनों को ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां वैभव की मौत हो गई।

गुडंबा इंस्पेक्टर नीतीश के मुताबिक वैभव तीन बहनों व दो भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके बड़े भाई चेरियन सिंह दरोगा हैं। कुर्सी रोड के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से हादसा करने वाले वाहन का पता लगाया जा रहा है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *