
सांकेतिक तस्वीर
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
लखनऊ में मोहनलालगंज के बाबूखेड़ा में एसएसबी ट्रेनिंग सेंटर में प्रमोशन की शारीरिक परीक्षा चल रही है। परीक्षा में राजस्थान के नीमकाथाना सीकर निवासी एसएसबी जवान (कुक) दाताराम सैनी (28) की प्रमोशन परीक्षा में दौड़ लगाने के दौरान मौत हो गई। वहीं दो जवानों को बेहोशी की हालत में ओपी चौधरी अस्पताल में भर्ती कराया गया। परीक्षा में 100 से अधिक जवान शामिल हुए। एक अधिकारी पर जवानों ने कड़ी धूप में दौड़ कराने का आरोप लगाया है।
बाबूखेड़ा में एसएसबी ट्रेनिंग सेंटर में कुक, नाई,स्वीपर, हवलदार व अन्य पदों पर प्रमोशन के लिए शारीरिक परीक्षा चल रही है। शनिवार को सुबह 5 बजे दौड़ होनी थी। लेकिन इसका आयोजन देर शाम करीब 4 बजे किया गया। तेज धूप का हवाला देकर जवानों ने हंगामा किया। इसके बाद भी परीक्षा का आयोजन किया गया। शाम को चार बजे 100 से अधिक जवानों ने पांच किलोमीटर की दौड़ में शामिल हुए। दौड़ते समय दाताराम गश खाकर गिर पड़ा। हालत बिगड़ती देख जवानों को ओपी चौधरी अस्पताल ले जाया गया। हालत बिगड़ने पर दाताराम को ट्रामा सेंटर रेफर किया गया। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जबकि दो अन्य का इलाज चल रहा है। वहीं, रविवार सुबह भी दौड़ लगाते समय कुछ जवानों की हालात बिगड़ गई। दो को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
देर रात को पुलिस ने दी परिजनों को सूचना
भाई महिपाल के मुताबिक दाताराम की मौत की सूचना शनिवार देर रात करीब 11 बजे पुलिस ने दी। जबकि उसकी मौत देर शाम को ही हो गई थी। महिपाल ने एसएसबी के अधिकारियों पर सवाल खड़ा किया। कहा कि सूचना किसी भी सक्षम अधिकारी द्वारा नहीं दी गई। भाई का आरोप है कि साथियों से बातचीत करने पर पता चला कि दौड़ के दौरान दाताराम गिरा, तो वहीं दो घंटे तक पड़ा रहा। किसी ने ध्यान ही नहीं दिया। हालत बिगड़ने पर एंबुलेंस बुलाई गई। अगर समय से इलाज करा दिया गया होता तो उसकी जान बच गई होती।
दौड़ से पहले हुई थी पत्नी से बात
महिपाल ने बताया कि दौड़ में भाग लेने के पहले दाताराम ने घर पर कॉल किया था। उसकी पत्नी मीना से बातचीत हुई। वह प्रमोशन को लेकर काफी खुश था। उसे पूरा भरोसा था कि वह दौड़ में सफल हो जाएगा। गर्भवती पत्नी को यह नहीं पता था कि यह दाताराम का अंतिम कॉल है। परिवार में दो साल का बेटा चिका है।
