
आजम खां
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
सपा सरकार में मंत्री रहे मोहम्मद आजम खान के जौहर ट्रस्ट, जौहर विश्वविद्यालय, रामपुर गर्ल्स पब्लिक स्कूल और रामपुर पब्लिक स्कूल का बैंक खाता बिना किसी आवश्यक दस्तावेज के रामपुर जिला सहकारी बैंक में खोल दिया गया। आजम खान के खिलाफ हालही में आयकर विभाग की कार्यवाही में इसका खुलासा हुआ तो सहकारिता विभाग के अधिकारियों के होश उड़ गए। सहकारिता राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार जेपीएस राठौर के निर्देश पर जांच हुई तो मामले में गंभीर अनियमितता सामने आई है।
आजम खान के खिलाफ आयकर विभाग की कार्यवाही में उनकी संस्थाओं के सहकारी बैंकों में भी खाते होना सामने आया है। सहकारिता विभाग ने जब खातों की जांच शुरू की तो सामने आया कि नियमानुसार किसी व्यवसायिक या शैक्षणिक संस्था का बैंक में चालू खाता ही खोला जाता है। चालू खाता खोलने के लिए भी संस्था को संस्था के बॉयलॉज, ट्रस्ट डीड की प्रति बैंक में जमा करनी होती है। लेकिन आजम खान के प्रभाव के चलते सपा शासन में जौहर ट्रस्ट के रजिस्ट्रेशन पत्र के आधार पर ही ट्रस्ट का बचत खाता खोल दिया गया। इतना ही नहीं रामपुर स्थित आजम के जौहर विश्वविद्यालय, रामपुर गर्ल्स पब्लिक स्कूल और रामपुर बॉयज पब्लिक स्कूल का बचत खाता बैंक में खोल दिया गया। चारों संस्थाओं के कर्मचारियों के वेतन भत्तों का भुगतान सहित संस्थाओं के अन्य खर्च और आय की बचत इन्हीं खातों में होती थी। चारों बैंक खातों में अभी भी करीब ढाई करोड़ रुपये से अधिक राशि जमा है।
तीन साल का एक मुश्त ब्याज दिया
सहकारी बैंक के अधिकारियों ने 2022 में आजम खान की संस्थाओं को उनकी जमा राशि का तीन साल का एक मुश्त ब्याज (करीब 22 लाख रुपये) अदा किया। जबकि संस्थाओं को ब्याज का त्रैमासिक भुगतान होना चाहिए। आजम की संस्थाओं से अब ब्याज की वापस वसूली की जा रही है।
महाप्रबंधक और उप महाप्रबंधक पर गिरेगी गाज
बैंक के महाप्रबंधक उपेंद्र कुमार सारस्वत और उप महाप्रबंधक शकील अहमद को फिलहाल निलंबित किया गया है। दोनों के खिलाफ विभागीय कार्यवाही भी शुरू की गई है।
