
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार की कथनी-करनी में अंतर है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार में कानून-व्यवस्था का हाल यह है कि सत्ताधारी सांसद के खिलाफ पुलिस एफआईआर कर रही है। चांदी की लूट में पुलिस वालों का ही हाथ मिला है और चोरी की बाइक थाने से बरामद हो रही है। साथ ही नारा दिया-”80 (लोकसभा सीटें) हराओ-भाजपा हटाओ।”
अखिलेश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री बात जीरो टालरेंस की करते है लेकिन उनके संरक्षण में भ्रष्टाचार और अपराध को खुली छूट मिली हुई है। भाजपा सरकार में 10 गुना भ्रष्टाचार बढ़ गया है। सवा छह साल के कार्यकाल में भाजपा का असली काम यही है कि कागजों में सब चकाचक और असलियत में बदहाल उत्तर प्रदेश।
उन्होंने कहा कि जलभराव की दिक्कतें दूर करने के लिए भाजपा सरकार ने 15 जून की तारीख तय की पर अभी तक कई नालों की सफाई के आसार तक नहीं दिखे है। भाजपा सरकार में बड़ी नदियां भ्रष्टाचार के कारण मैली हैं और छोटी नदियां संरक्षण के अभाव में सूख रही हैं। प्रयागराज में यमुना किनारे अवैध खनन का धंधा धड़ल्ले से चल रहा है। सपा अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार में ईज ऑफ डूइंग का मतलब हत्या, बलात्कार, लूट और भ्रष्टाचार है।
