
अक्षय यादव और शिवपाल यादव
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
सपा महासचिव शिवपाल यादव ने लोकसभा चुनाव में फिरोजाबाद से अक्षय यादव की उम्मीदवारी पर मुहर लगा दी है। उन्होंने इस बार अक्षय को चुनाव जिताने का दावा किया है। जबकि, वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में शिवपाल के वहां से लड़ने के कारण ही सपा प्रत्याशी अक्षय यादव को हार का सामना करना पड़ा था।
शिवपाल यादव ने कहा है कि इस बार ये चाचा (शिवपाल यादव) फिरोजाबाद संसदीय चुनाव में अक्षय की विजय का निमित्त बनेंगे। अक्षय यादव वर्ष 2014-2019 तक फिरोजाबाद से सपा के सांसद रहे हैं। वह सपा के मुख्य महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव के बेटे हैं।
सहानुभूति पाकर चुनाव जीतना चाहती है भाजपा
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने घोसी में भाजपा प्रत्याशी दारा सिंह चौहान पर स्याही फेंकने की घटना पर टिप्पणी करते हुए कहा है कि हारती हुई भाजपा सहानुभूति पाकर घोसी उप चुनाव जीतना चाहती है। यह खेल अब पुराना हो गया है, अब जनता सब समझती है। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपने विचार रखते हुए कहा कि अपने ने ही अपनों पर दाग लगाया…इंक कांड में हर बार दोषी पकड़ा गया, पर ये वाला हाथ क्यों नहीं आया?