
यूपी के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा।
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र ने कहा कि देश में सुशासन और विकास के साथ भारत को विकसित राष्ट्र की श्रेणी में लाने के लिए प्रत्येक मतदाता का मत महत्वपूर्ण हैं। राष्ट्रीय मतदाता दिवस के उपलक्ष्य में बृहस्पतिवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठा में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में 60 प्रतिशत वोट पड़े, इसका मतलब की 40 प्रतिशत लोग वोट डालने नहीं गए। आगामी लोकसभा चुनाव में इसे बढ़ाकर 80 प्रतिशत तक करना है।
14वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस का राज्य स्तरीय कार्यक्रम ‘वोट जैसा कुछ नहीं, वोट जरूर डालेंगे हम’ थीम पर आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि में मतदाता दिवस पर प्रत्येक नागरिक को लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए प्रत्येक चुनाव में भागीदारी की शपथ लेनी चाहिए। मुख्य सचिव ने लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए आगामी चुनाव में जनता की प्रतिभागिता एवं सहभागिता की अपील की।
नामांकन के अंतिम दिन तक जुड़वा सकते हैं नाम
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने कहा कि सभी पात्र युवा मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में आ जाए और ज्यादा प्रतीक्षा न करना पड़े इसके लिए भारत निर्वाचन आयोग ने वर्ष में चार आधार तारीख एक जनवरी, एक अप्रैल, एक जुलाई व एक अक्टूबर निर्धारित की है। उन्होंने कहा कि अभी भी जो युवा 18 वर्ष के होने वाले हैं वह लोकसभा चुनाव में नामांकन के अंतिम दिन तक अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वा सकते हैं।
प्रदर्शनी का अवलोकन किया
मुख्य सचिव ने इससे पहले कार्यक्रम में ट्राई कलर गुब्बारे छोड़कर व जागरूकता वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही निर्वाचन बढ़ते कदम थीम पर लगी भव्य प्रदर्शनी का फीता काटकर उद्घाटन एवं अवलोकन किया। उन्होंने वर्ष-2024 के राष्ट्रीय मतदाता दिवस थीम पर बनी सैंड आर्ट की प्रशंसा की।
युवा और बुजुर्ग मतदाताओं का सम्मान
मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने 10 युवा मतदाताओं को मतदाता पहचान पत्र देकर सम्मानित किया। वहीं 100 वर्ष से अधिक आयु वाले छह विशिष्ट मतदाताओं को सम्मानित किया।
13 जिला निर्वाचन अधिकारी सम्मानित होंगे
मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पर शाहजहांपुर, गौतमबुद्धनगर, हरदोई, जौनपुर, प्रतापगढ़, खीरी, कौशाम्बी, मुरादाबाद, बुलन्दशहर, रामपुर, उन्नाव, अयोध्या तथा मेरठ के जिला निर्वाचन अधिकारी, शामली के उप जिला निर्वाचन अधिकारी को पुरस्कृत करने की घोषणा की गई। लखनऊ के तीन और हरदोई के दो बीएलओ को पुरस्कृत किया गया।
मतदान प्रतिशत बढ़ाने का प्रयास करेंगे
लखनऊ के जिलाधिकारी सूर्य पाल गंगवार ने कहा कि आगामी चुनाव में मतदान प्रतिशत को 60 प्रतिशत से बढाकर 80 प्रतिशत तक लाने का प्रयास किया जाएगा।
मतदाता जागरूकता प्रतियोगिताओं लखनऊ विवि ने बाजी मारी
मतदाता जागरूकता पर आधारित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी सम्मानित किया गा। मेंहदी प्रतियोगिता में लखनऊ विश्वविद्यालय की शीवो कुमारी व शिवानी यादव को प्रथम, सिमरन को द्वितीय, शम्भवी व महक को तृतीय पुरस्कार मिला। पोस्टर प्रतियोगिता में लखनऊ विश्वविद्यालय के यशपाल को प्रथम, जीआईएसएम के प्रभात शुक्ला को द्वितीय, लखनऊ के दीपेन्द्र तथा वीवीडी की श्रुति को तृतीय पुरस्कार मिला। रंगोली में लखनऊ विवि के फाइन आर्ट विभाग को प्रथम, आईटी कालेज को द्वितीय, एमबीपीजी को तृतीय पुरस्कार मिला। कैनवास प्रतियोगिता में लखनऊ विवि के गगन को प्रथम, नसरा को द्वितीय व दीपक को तृतीय पुरस्कार मिला। स्टॉल प्रतियोगिता में लखनऊ विवि को प्रथम, अटल बिहारी वाजपेयी नगर निगम कालोनी को द्वितीय, दिव्यांग सशक्तीकरण विभाग को तृतीय पुरस्कार मिला। मतदाता जागरूकता के लिए 23 जनवरी को चौक स्टेडियम में आयोजित काइट फ्लाइंग प्रतियोगिता में स्पीड काइट क्लब के इमरान अली को प्रथम, मुजीब काइट क्लब के ललित को द्वितीय, डूआरडाई क्लब के तौसीफ रजा को तृतीय पुरस्कार मिला।
