लखनऊ। कानपुर हाईवे पर बंद पड़ा एलिवेटेड रोड के निर्माण का काम बुधवार से फिर शुरू हो जाएगा।
एनएचएआई के परियोजना निदेशक सौरभ चौरसिया के मुताबिक पीएनसी कंपनी ने सुरक्षा मानक पूरे कर लिए हैं। इसकी रिपोर्ट मिलने के बाद काम दोबारा शुरू करने की स्वीकृति दे दी गई है। उधर, ट्रैफिक पुलिस ने बुधवार के यातायात संचालन को लेकर रणनीति बनाई है।
गौरी बाजार में सुबह 11 से दोपहर तीन बजे तक पिलर नंबर 18 से बीम उतारने का काम किया जाएगा। इसे देखते हुए चार घंटे तक यातायात को रोक-रोक कर चलाया जाएगा। मौके पर ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी लगाई गई है। दोपहर तीन बजे के बाद सुचारू रूप से ट्रैफिक चलेगा। यातायात पुलिस ने बहुत जरूरी न होने पर इस मार्ग का इस्तेमाल करने से बचने की अपील की है।
पीएनसी कंपनी ने लगाए फायर ब्लैंकेट
पीएनसी कंपनी की लापरवाही से चार सितंबर को सरोजनीनगर में हीरालाल लॉ कॉलेज के पास बिजली का बड़ा खंभा कार पर गिर गया था। कार में कोई मौजूद न होने से बड़ी घटना टल गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एनएचएआई के कंसल्टेंट टीम के लीडर और रोड सेफ्टी एक्सपर्ट को हटा दिया गया। यही नहीं पीएनसी कंपनी को सुरक्षा मानक पूरा करने तक काम करने से रोक दिया गया था। इसके बाद कंपनी की ओर से बैरिकेडिंग किए जाने के साथ फायर ब्लैंकेट लगाए गए हैं। इससे कोई भी निर्माण सामग्री सड़क पर नहीं गिरेगी। कंपनी ने मजदूरों को सेफ्टी बेल्ट लगाकर काम करने के निर्देश दिए हैं। हाईवे पर पैचवर्क भी किया गया है। बारिश के बाद हाईवे की मरम्मत होगी।
