
कांशीराम कॉलोनी के पास इसी स्थान पर बनेगा पर्यावरण पार्क। संवाद
चक अहमदपुर नजूल में जंगल तो कांशीराम कॉलोनी के पास पर्यावरण पार्क बनने का रास्ता साफ
जिला उद्यान विभाग और नगर पालिका को उपलब्ध कराई गई जमीन, जल्द शुरू कराया जाएगा कार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
रायबरेली। शहर के चक अहमदपुर नजूल में जापान की मियावाकी तकनीक से विकसित शहरी वन (जंगल) तो कांशीराम कॉलोनी के पास पर्यावरण पार्क बनाए जाने का रास्ता साफ हो गया है। जिला प्रशासन की तरफ से दो विभागों को जमीन उपलब्ध करा दी गई है। इन दो कार्यों पर दो करोड़ 67 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। काफी समय से जमीन चिन्हित न होने पर यह कार्य लटके पड़े थे।
दरअसल, हरियाली लाने और वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए नगर क्षेत्र में शहरी वन (जंगल) विकसित करने की प्रक्रिया काफी समय से चल रही थी। नेशनल क्लीन एयर पॉल्यूशन कंट्रोल प्रोग्राम के तहत यह कार्य होना है। अब जाकर 25वीं वाहिनी पीएसी से कुछ दूरी स्थित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के पास चक अहमदपुर नजूल क्षेत्र में शहरी वन विकसित करने के लिए एक एकड़ जमीन की खोज की गई है। इस कार्य पर एक करोड़ 28 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसमें तरह-तरह के पौधे रोपित किए जाएंगे। इसका मकसद शहर में वायु प्रदूषण को कम करना है।
इसी तरह मिल एरिया थाने के पीछे कांशीराम कॉलोनी के पास 32 बीघे पर पर्यावरणीय पार्क बनाया जाएगा। यह पार्क शहर का सबसे बड़ा आधुनिक सुविधाओं और व्यवस्थाओं से लैस होगा। इस पार्क में औषधीय पौधे रोपित किए जाएंगे। बाउंड्रीवाल का निर्माण कराया जाएगा। इस पार्क के बनने से लोगों को घूमने-फिरने का मौका मिल सकेगा। विभागीय अधिकारियों की मानें तो इस पार्क में गंग ऋषि, गोकर्ण ऋषि, डालभ्य ऋषि, राणा बेनीमाधव, वीरा पासी, आचार्य महावीर प्रसाद द्विवेदी आदि की मूर्ति को स्थापित किया जाएगा।
ये है मियावाकी तकनीक
जापानी वनस्पति विज्ञानी डॉ. मियावकी ने पौधरोपण की इस पद्धति को विकसित किया है। इस विधि से कम जगह और कम समय में अधिक घनत्व वाले जंगल तैयार किए जा सकते हैं। पद्धति के अनुसार पहले स्थानीय पौधों की सूची तैयार की जाती है। पौधरोपण में प्रजाति का चयन इस तरह किया जाता है कि कम रोशनी में तैयार होने वाली कम ऊंचाई की प्रजाति, मध्यम रोशनी में बढ़ने वाली मध्यम ऊंचाई की प्रजाति और ज्यादा रोशनी में जीने वाले ऊंची प्रजाति के पौधे रोपे जाते हैं।
इनसेट
शहर के चक अहमदपुर नजूल में शहरी वन बनाने के लिए जमीन व बजट भी मिल गया है। वन विभाग को शहरी वन विकसित करना है। जल्द ही वन विभाग को बजट उपलब्ध करा दिया जाएगा।
-स्वर्ण सिंह, ईओ, नगर पालिका परिषद रायबरेली
कांशीराम कॉलोनी के पास पर्यावरणीय पार्क बनाया जाएगा। इसके लिए बजट मिल गया है। जमीन भी चिन्हित कर ली गई है। यह पार्क शहर के सभी पार्कों से अच्छा विकसित किया जाएगा।
-केशवराम चौधरी, जिला उद्यान अधिकारी
