रायबरेली। यातायात नियमों के प्रति छात्र-छात्राओं के साथ उनके अभिभावकों एवं वाहन चालकों को जागरूक करने के लिए विद्यालयों की दीवारों पर वाल राइटिंग होगी। यह काम जिले के 333 स्कूलों में किया जाएगा। दीवारों पर यातायात नियम लिखने के लिए वही स्कूल चयनित किए जाएंगे, जो सड़क किनारे संचालित हैं। इससे सड़क पर चलने वाले लोगों को जागरूक करने में आसानी होगी। पढ़ाई के साथ विद्यार्थियों को यातायात के नियम और कायदे भी बताए जाएंगे। ऐसा करके सड़क हादसों को कम करने का प्रयास किया जा रहा है।
जिले के राही व हरचंदपुर विकास क्षेत्र में 15-15 प्राथमिक विद्यालय एवं सात-सात उच्च प्राथमिक विद्यालय चयनित होंगे, जबकि नगर क्षेत्र समेत बाकी विकास क्षेत्रों में 10-10 प्राथमिक विद्यालयों और सात-सात उच्च प्राथमिक विद्यालयों का चयन होना है। इस तरह कुल 200 प्राथमिक विद्यालयों और 133 उच्च प्राथमिक विद्यालयों का चयन किया जाना है, जिनकी दीवारों पर यातायात के सामान्य नियम लिखे जाएंगे। इसके लिए चयनित विद्यालयों को 500 रुपये मिलेंगे।
जिले में एक नगर क्षेत्र एवं 18 विकास क्षेत्रों में 2300 परिषदीय विद्यालय संचालित हैं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शिवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि 333 विद्यालयों में दीवारों पर यातायात नियम लिखने के लिए 500 रुपये प्रति विद्यालय का प्रस्ताव परिवहन विभाग को भेजा गया है। सड़क किनारे के स्कूलों को चयनित करने के लिए खंड शिक्षा अधिकारियों से कहा गया है। धनराशि मिलते ही चयनित विद्यालयों को भेजते हुए दीवार पर यातायात नियम लिखवाए जाएंगे।
रायबरेली। यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए जिले में संचालित कक्षा छह से आठ तक के 623 परिषदीय विद्यालयों (जूनियर हाईस्कूल) में रोड सेफ्टी क्लब का गठन किया जाएगा। बीएसए ने सभी बीईओ को क्लब का गठन कराने के आदेश दिए हैं। रोड सेफ्टी क्लब का अध्यक्ष प्रधानाध्यापक को और सदस्य सचिव सहायक अध्यापक को बनाया जाएगा। विद्यालय प्रबंध समिति का एक प्रतिनिधि, दो अभिभावक और कक्षा छह, सात व आठ से एक-एक छात्र क्लब का सदस्य होगा। इस क्लब का कार्य आम नागरिकों को यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना होगा। इस संबंध में होने वाले सभी कार्यक्रमों एवं प्रतियोगिताओं में भाग लेना होगा।