सीतापुर। खैराबाद के अकोइया गांव के आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों को गरम तहरी खिलाकर ब्लॉक प्रमुख ने हॉट कुक योजना का शुभारंभ शुक्रवार को किया। साथ ही 502 आंगनबाड़ी भवनों का शिलान्यास किया गया। प्रत्येक ब्लाॅक के एक केंद्र पर ई-लर्निंग की सुविधा दी जाएगी। इससे वहां प्ले ग्रुप स्कूल जैसी सुविधाएं सुलभ होंगी।
सीएम ने शुक्रवार को अयोध्या में आंगनबाड़ी केंद्रो के बच्चों को गरम भोजन देने और नए बनने वाले केंद्रों का शिलान्यास किया। इसके तहत जिले में भी 502 आंगनबाड़ी भवनों को शिलान्यास प्रमुख खैराबाद अजय विश्वकर्मा ने किया।
उन्होंने अकोइया ग्राम में बच्चों को तहरी परोसकर हॉट कुक्ड योजना की शुरुआत की। जिला कार्यक्रम अधिकारी मनोज कुमार राव ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों के लिए परिषदीय स्कूल के रसोईया के माध्यम से खाना बनाया जाएगा।
खाना स्कूल के मेन्यू के अनुसार ही बनेगा। नियमित रूप से हॉट कुक्ड आंगनबाड़ी केंद्र पर उपलब्ध होने के कारण बच्चों की उपस्थिति भी बढ़ेगी। 502 नए आंगनबाड़ी केंद्र स्वीकृत होने से अब उनका अपना भवन होगा, जिसका विकास ई-लर्निंग के रूप में करने की सरकार की योजना है। इस मौके पर बीडीओ चंद्रभान सहित अन्य जिम्मेदार मौजूद रहे।
