
सपा कार्यालय के बाहर लगा पोस्टर।
– फोटो : amar ujala
विस्तार
यूपी में नौ सीटों पर होने वाले उपचुनाव को लेकर पोस्टर वार लगातार तेज होता जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान ‘बंटेंगे तो कटेंगे’ से शुरू हुआ बयानबाजी का दौर अब और तीखा होता जा रहा है।
शनिवार रात को सपा कार्यालय के बाहर अखिलेश यादव की फोटो के साथ लगाया गया एक पोस्टर फिर चर्चा में आ गया है। इस पोस्टर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नारे पर पलटवार किया गया है। इस होर्डिंग में ‘बंटेंगे तो कटेंगे’ का जवाब देते हुए लिखा है- ‘मठाधीश बांटेंगे और कांटेंगे… पीडीए जोड़ेगी और जीतेगी। बताया जा रहा है कि ये पोस्टर पार्टी के नेता अमित चौबे की ओर से लगाया गया है जिसमें भाजपा को निशाने पर लिया गया है।
ये भी पढ़ें – कांग्रेस ने तनुज पुनिया पर खेला ये दांव… इस रणनीति का लिटमस टेस्ट; सांसद पर टिकी सबकी निगाहें
ये भी पढ़ें – बेंगलुरू से लखनऊ आ रहा था विमान, बीच रास्ते मिली बम की धमकी; लैंडिंग के बाद हुई आपात जांच
बता दें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हिंदू समुदाय को भाजपा के पक्ष में एकजुट करने के लिए ‘बंटेंगे तो कटेंगे’ का नारा दिया था जिसे अखिलेश यादव ने राजनीतिक इतिहास का सबसे खराब नारा कहा था। इसके पहले सपा की तरफ से लगाए गए पोस्टर में पलटवार करते हुए कहा गया था कि ‘न बंटेंगे न कटेंगे पीडीए के साथ रहेंगे।’
इस बीच बसपा सुप्रीमो मायावती ने भी शनिवार को इसी लाइन पर बयान दिया और कहा कि बसपा से जुड़ेंगे तो आगे बढ़ेंगे और सुरक्षित रहेंगे। उन्होंने सपा-भाजपा के बीच चल रही पोस्टरबाजी पर को फिजूल बताते हुए लोगों से बसपा से जुड़ने की अपील की थी।
उन्होंने कहा था कि अपनी कमियों पर से जनता का ध्यान बांटने के लिए अब भाजपा द्वारा ‘बंटेंगे तो कटेंगे’ और सपा एंड कंपनी द्वारा ‘जुड़ेंगे तो जीतेंगे’ आदि नारों को प्रचारित करने में लगे हैं। जबकि इनकी सभी नीतियां गलत रही हैं, इसलिए बेहतर यही है कि बीएसपी से जुड़ेंगे तो आगे बढ़ेंगे और सुरक्षित भी रहेंगे।
