निगोहां थानाक्षेत्र के नंदौली गांव निवासी श्रमिक रैकिश रावत की हत्या साथी ने 600 रुपये न देने के कारण की थी। पुलिस ने श्रमिक की हत्या के सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना का कारण शराब के नशे में रुपये और मोबाइल को लेकर हुआ विवाद बताया जा रहा है।
गौरतलब है कि बीते मंगलवार को निगोहां कस्बे से बेनीगंज मार्ग पर सड़क किनारे एक युवक का शव मिलने की सूचना मिली थी। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया था। मृतक की पहचान नंदौली निवासी रैकिश (22) के रूप में हुई थी। पीएम रिपोर्ट में मृतक के शरीर में लगभग दस चोटों की पुष्टि हुई थी। मंगलवार को मृतक के बड़े भाई लवकुश की तहरीर पर पुलिस ने निगोहां निवासी आरोपी धनराज उर्फ टाटू के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया था।
थानाध्यक्ष अनुज तिवारी ने बताया कि सोमवार की रात मजदूरी के बाद रैकिश निगोहां गांव के धनराज उर्फ टाटू और एक अन्य साथी ब्रह्मदासपुर निवासी राजमिस्त्री नंदकिशोर के साथ बिजनौर स्थित कल्पतरू सिटी से काम कर वापस लौटे थे और वापस लौटते समय उतरेठिया और बाद में निगोहां में शराब पी गई थी। इसी दौरान रैकिश ने आरोपी की एक पैग शराब अधिक पी ली थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच वाद-विवाद शुरू हो गया।
आरोपी ने रैकिश के पास मौजूद 600 रुपये और मोबाइल फोन जबरन ले लिया। इस पर दोनों के बीच मारपीट हुई जिसमें आरोपी ने रैकिश को बुरी तरह पीटा था जिससे रैकिश के शरीर के अंदरूनी अंगों में गंभीर चोटों के कारण मौत हो गई। गुरुवार को आरोपी धनराज उर्फ टाटू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर पूर्व में चोरी और आबकारी अधिनियम के तहत दो मुकदमे दर्ज हैं।
