उत्तर प्रदेश में मदरसा शिक्षा परिषद की मुंशी/मौलवी (सेकेंडरी), आलिम (सीनियर सेकेंडरी) की परीक्षाएं 9 से 14 फरवरी तक दो पाली में संचालित की जाएंगी। मदरसा बोर्ड ने परीक्षाओं की स्कीम घोषित कर दी है। परीक्षाओं में इस बार प्रदेश भर से करीब 80 हजार 100 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
मदरसा बोर्ड की सेकेंडरी (मुंशी/मौलवी), सीनियर सेकेंडरी (आलिम) की परीक्षाओं में शामिल होने के लिए इस बार प्रदेश भर से 80 हजार 100 विद्यार्थियों ने आवेदन किए हैं। बोर्ड की रजिस्ट्रार अंजना सिरोही ने बताया कि परीक्षाएं 9 फरवरी से 14 फरवरी तक सुबह 8 से 11 बजे और दोपहर में 2 से 5 बजे तक दो पाली में संपन्न कराई जाएंगी।
परीक्षा संबंधी कार्य समय से पूरा कराने के निर्देश
उन्होंने बताया कि परीक्षाओं का तिथिवार कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। मुंशी-मौलवी की परीक्षाएं सुबह की पाली में और आलिम की परीक्षाएं दोपहर की पाली में आयोजित होंगी। सभी जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारियों को अपने-अपने जिलों में परीक्षा केंद्र बनाने और परीक्षा संबंधी अन्य कार्य समय से पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं।