07:43 AM, 28-Jan-2025
हर मार्ग पर स्नानार्थियों की भीड़
मेला क्षेत्र तो पूरी तरह से भरा हुआ था। काली एवं त्रिवेणी मार्ग, बांध पर लोग एक दूसरे के पीछे चले जा रहे थे। संगम, नागवासुकि तथा झूंसी तीनों जोन के हर मार्ग पर स्नानार्थियों की भीड़ रही। यहां तक झूंसी की तरफ बने रिवर फ्रंट रोड पर भी पैदल चलना मुश्किल था। जबकि, आम दिनों में लोग अपने वाहनों से भी आ-जा रहे थे। झूंसी की तरफ से आने वाले ज्यादातर श्रद्धालुओं को शास्त्री ब्रिज से पहले ही मेला क्षेत्र में उतार दिया गया। इनमें से ज्यादातर लोग संगम जाना चाहते थे लेकिन पांटून पुल पर आवागमन प्रतिबंधित रहने से निराशा हुई। इसे लेकर श्रद्धालुओं में नाराजगी भी रही।
07:38 AM, 28-Jan-2025
Mahakumbh 2025 Live: मौनी का महास्नान कल, संगम से सड़क तक श्रद्धा का रेला; दो दिन पहले ही लागू किया गया वनवे
मौनी अमावस्या का महास्नान बुधवार को है लेकिन दो दिन पहले ही स्नान के लिए भारी भीड़ उमड़ी। सोमवार को संगम से लेकर सड़क तक श्रद्धा का रेला उमड़ा। भीड़ बढ़ने पर पांटून पुलों से पैदल भी आवागमन रोक दिया गया। इस वजह से संगम के अलावा झूंसी जोन में ऐरावत घाट पर श्रद्धालुओं की ज्यादा भीड़ रही।
शास्त्री पुल श्रद्धालुओं से भरा रहा। पैदल चलना भी भारी था। यह स्थिति अंदावा चौराहे तक रही। शहर में लोक सेवा आयोग चौराहे से संगम तक स्नानार्थियों का रेला चला आ रहा था। यह क्रम टूटने का नाम नहीं ले रहा था। इसी तरह की स्थिति संगम की तरफ जाने वाली अन्य सड़कों का भी रहा।
भीड़ बढ़ने की वजह से दिन में बालसन चौराहे से जवाहर लाल नेहरू मार्ग पर आवागमन रोक दिया गया था। स्नानार्थियों को जार्जटाउन, अल्लापुर, बक्शी बांध होते हुए संगम की तरफ भेजा गया। इस तरह के डायवर्जन जगह-जगह किए गए थे।
